सनातन संस्कृति और राष्ट्रहित के लिए बना “सनातन राष्ट्र प्रहरी” ट्रस्ट

सामाजिक जागरूकता, शिक्षा और राष्ट्रभक्ति को बढ़ावा देने का लिया संकल्प

Sarvesh Kumar Picture
Published On

मीरापुर (सच कहूं/कोमल प्रजापति)। Miranpur News: राष्ट्रहित, सामाजिक समरसता एवं सनातन संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के उद्देश्य से “सनातन राष्ट्र प्रहरी” नामक सामाजिक ट्रस्ट का बुधवार 27 मई को विधिवत पंजीकरण कराया गया। ट्रस्ट के संस्थापक एवं अध्यक्ष पं. दीपक कृष्णात्रेय ने जानकारी देते हुए बताया कि यह संस्था राष्ट्र निर्माण की भावना को सशक्त करने, भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों के प्रचार-प्रसार तथा समाज के विभिन्न वर्गों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य करेगी।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में समाज को सकारात्मक दिशा, नैतिक मूल्यों एवं सांस्कृतिक चेतना से जोड़ने की अत्यंत आवश्यकता है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए “सनातन राष्ट्र प्रहरी” ट्रस्ट की स्थापना की गई है, ताकि युवाओं, विद्यार्थियों एवं समाज के विभिन्न वर्गों में राष्ट्रभक्ति, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं सांस्कृतिक गौरव की भावना को मजबूत किया जा सके।

ट्रस्ट शिक्षा, सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, प्रतिभा सम्मान समारोहों, जनजागरूकता अभियानों तथा राष्ट्रहित से जुड़े विभिन्न रचनात्मक कार्यों का संचालन करेगा। संस्था का प्रमुख उद्देश्य भारत की एकता एवं अखंडता को मजबूत बनाए रखना, सनातन संस्कृति एवं भारतीय परंपराओं के प्रति समाज में जागरूकता उत्पन्न करना तथा सामाजिक एवं शैक्षिक गतिविधियों के माध्यम से जनकल्याण के कार्यों को गति देना रहेगा।

पं. दीपक कृष्णात्रेय ने बताया कि ट्रस्ट भविष्य में जरूरतमंद एवं मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान, सामाजिक सौहार्द बढ़ाने, युवाओं को सकारात्मक दिशा देने, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य जागरूकता, वृक्षारोपण तथा राष्ट्र एवं समाजहित से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करेगा।

ट्रस्ट के प्रथम ट्रस्टी एवं संरक्षक के रूप में वरिष्ठ समाजसेवी एडवोकेट कुंवर देवराज पंवार पुत्र हरिराज सिंह को जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके सामाजिक अनुभव एवं मार्गदर्शन में संस्था समाजहित के कार्यों को प्रभावी रूप से आगे बढ़ाने का प्रयास करेगी। इसके अतिरिक्त अनिता रानी पत्नी अरविंद कुमार, आरती शर्मा पत्नी दीपक शर्मा, अंकुर शर्मा पुत्र आदेश कुमार शर्मा एवं हिमांशु शर्मा पुत्र ब्रजभूषण शर्मा को ट्रस्टी बनाया गया है, जो संस्था के विभिन्न सामाजिक एवं संगठनात्मक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

जानसठ तहसील परिसर में दो गवाह शिवकुमार प्रजापति एवं कुंवर सिंह की उपस्थिति में दस्तावेज लेखक सचिन शर्मा द्वारा ट्रस्ट का विधिवत पंजीकरण कराया गया। पंजीकरण प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद उपस्थित लोगों ने ट्रस्ट के गठन को समाज एवं राष्ट्रहित की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं सकारात्मक पहल बताया तथा संस्था के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर पं. दीपक कृष्णात्रेय ने कहा कि समाज में बढ़ती सामाजिक चुनौतियों के बीच ऐसी संस्थाओं की आवश्यकता और भी अधिक बढ़ जाती है, जो राष्ट्रहित, सांस्कृतिक मूल्यों एवं सामाजिक जागरूकता को केंद्र में रखकर कार्य करें। “सनातन राष्ट्र प्रहरी” ट्रस्ट आने वाले समय में समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ते हुए सेवा, संस्कार एवं राष्ट्रभक्ति की भावना को सशक्त बनाने का कार्य करेगा।

Miranpur News

About The Author

Related Posts