पुलवामा हमले से जुड़े आतंकी हमजा बुरहान की PoK में गोली मारकर हत्या, अज्ञात हमलावरों ने बनाया निशाना
मुजफ्फराबाद में आतंकी हमजा बुरहान की हत्या
मुजफ्फराबाद (सच कहूँ न्यूज़)। Muzaffarnagar News: 14 फरवरी 2019 के पुलवामा आतंकी हमले से जुड़े बताए जाने वाले आतंकी हमजा बुरहान की पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) के मुजफ्फराबाद में गोली मारकर हत्या कर दी गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार अज्ञात हमलावरों ने उसे निशाना बनाया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि हमजा बुरहान का नाम पुलवामा हमले की साजिश से जुड़े लोगों में लिया जाता था। वर्ष 2019 में हुए इस आतंकी हमले में CRPF के 40 जवान शहीद हुए थे, जिसके बाद पूरे देश में आक्रोश फैल गया था। इस घटना के बाद भारत ने आतंकवादी ठिकानों के खिलाफ बालाकोट एयरस्ट्राइक भी की थी।
मुजफ्फराबाद में हुई वारदात
सूत्रों के मुताबिक, हमजा बुरहान पर मुजफ्फराबाद में अज्ञात बंदूकधारियों ने हमला किया। फिलहाल हमलावरों की पहचान और हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। स्थानीय स्तर पर मामले की जांच की जा रही है।
लंबे समय से एजेंसियों के रडार पर था
रिपोर्ट्स के अनुसार हमजा बुरहान लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों के निशाने पर था। उसकी मौत ऐसे समय में हुई है जब पाकिस्तान में आतंकी संगठनों और कट्टरपंथी नेटवर्क से जुड़े कई लोगों पर रहस्यमय हमलों की घटनाएं सामने आ रही हैं। हालांकि इस मामले में किसी संगठन या व्यक्ति ने जिम्मेदारी नहीं ली है।
क्षेत्रीय सुरक्षा पर पड़ सकता है असर
विशेषज्ञों का मानना है कि पुलवामा हमले से जुड़े एक प्रमुख चेहरे की मौत का असर क्षेत्रीय सुरक्षा और आतंकवाद विरोधी गतिविधियों पर पड़ सकता है। हालांकि घटना के सभी पहलुओं को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने आने का इंतजार किया जा रहा है।
