गुरुग्राम शूटिंग चैंपियनशिप में शिखर शिक्षा सदन का जलवा, 11 पदक जीतकर बढ़ाया मीरापुर का मान

मीरापुर के छात्रों ने शूटिंग चैंपियनशिप में जीते 11 पदक और ट्रॉफियां

Published On

मीरापुर (सच कहूँ/कोमल कुमार)। Mirapur News: शिखर शिक्षा सदन सीनियर सेकेंडरी स्कूल, मीरापुर के छात्र-छात्राओं ने गुरुग्राम (हरियाणा) में आयोजित 9वीं जैंग ला 10 मीटर एयर राइफल शूटिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 11 पदक और ट्रॉफियां जीतकर विद्यालय के साथ-साथ पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

प्रतियोगिता में विद्यालय के निशानेबाजों ने अपने बेहतरीन खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए 4 रजत पदक, 3 कांस्य पदक और 4 लिटिल चैंपियनशिप ट्रॉफियां अपने नाम कीं।

लिटिल चैंपियनशिप ट्रॉफी जीतने वालों में मनप्रीत, रुद्र, विराट और सुभान शामिल रहे। वहीं रिहान, हर्षित, वंशपाल और रुद्रवीर ने रजत पदक हासिल किए, जबकि यश, वीरभद्र और शाद ने कांस्य पदक जीतकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।

विद्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में विजेता खिलाड़ियों का भव्य स्वागत किया गया। विद्यालय के निदेशक राजेश शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की यह सफलता पूरे विद्यालय के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने बताया कि आगामी इंडिया ओपन शूटिंग प्रतियोगिता, देहरादून में विद्यालय के पांच खिलाड़ी हिस्सा लेंगे और उनसे भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।

विद्यालय की प्रधानाचार्या शालिनी राय ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनके कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है।

विजेता खिलाड़ियों ने अपनी सफलता का श्रेय शूटिंग कोच तापेन्द्र सिंह को दिया और कहा कि उनके मार्गदर्शन एवं तकनीकी प्रशिक्षण ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

विद्यालय के चेयरमैन सुशील शर्मा ने भी सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यालय खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास करता रहेगा।

इस अवसर पर विद्यालय की कोऑर्डिनेटर दीप्ति व्यास, कृति शर्मा, फैजदीन, शिवकुमार सहित समस्त विद्यालय स्टाफ मौजूद रहा और सभी ने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

Mirapur News

About The Author

Related Posts