मन की बात से मिली राष्ट्रसेवा और पर्यावरण संरक्षण की प्रेरणा:- कंवलजीत
मोहनपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया पौधारोपण
पिहोवा (सच कहूँ न्यूज़)। Pehowa News: बाखली मंडल के गांव मोहनपुर स्थित 59 नंबर बूथ पर अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष अमरजीत सिंह के निवास पर भाजपा बूथ समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिला परिषद चेयरपर्सन कंवलजीत कौर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। गांव पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने फूल-मालाओं से उनका जोरदार स्वागत किया तथा सिख गुरुओं की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया। बैठक की अध्यक्षता बाखली मंडल अध्यक्ष सुखबीर सिंह इस्हाक ने की।
बैठक के दौरान सभी कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' का 135वां संस्करण सामूहिक रूप से सुना। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री द्वारा सामाजिक एकता, पर्यावरण संरक्षण, जनभागीदारी, स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहन, स्वच्छता और विकसित भारत के संकल्प को लेकर दिए गए संदेशों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर सभी कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रवादी चिंतक, महान शिक्षाविद एवं भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके राष्ट्र समर्पित जीवन से प्रेरणा लेने का संकल्प लिया। इसके पश्चात प्रधानमंत्री के आह्वान पर "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत पौधारोपण किया गया।
उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों से पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आग्रह भी किया गया। जिला परिषद चेयरपर्सन कंवलजीत कौर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मन की बात केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि देशवासियों को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने समाज सेवा, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी सोच, जनभागीदारी और सकारात्मक बदलाव के लिए जो संदेश दिया है, उसे प्रत्येक नागरिक को अपने जीवन में अपनाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान प्रकृति और मातृत्व दोनों के प्रति सम्मान व्यक्त करने का अनूठा प्रयास है। बाखली मंडल अध्यक्ष सुखबीर सिंह इस्हाक ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता प्रधानमंत्री के संदेशों को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती, राष्ट्र की प्रगति और पर्यावरण की सुरक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है और इसी भावना के साथ भाजपा निरंतर जनसेवा के कार्यों में जुटी हुई है। इस अवसर पर बूथ समिति के पदाधिकारी, भाजपा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
