फतेहाबाद के यात्रियों को बड़ी राहत: पुराने बस स्टैंड से फिर शुरू हुई ग्रामीण रूटों की बस सेवा

 8 बूथों से मिलेगा सीधा सफर

Published On

फतेहाबाद (सच कहूँ/विनोद कुमार शर्मा)। Fatehabad News: शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। वर्षों बाद फतेहाबाद शहर के पुराने बस स्टैंड से एक बार फिर ग्रामीण रूटों की बसों का संचालन शुरू कर दिया गया है। अब ग्रामीण यात्रियों को नए बस स्टैंड तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त किराया और समय खर्च नहीं करना पड़ेगा। पुराने बस स्टैंड से सीधे गांवों के लिए बसें मिलने से हजारों यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। कुछ वर्ष पहले हिसार रोड पर करीब पांच किलोमीटर दूर नया बस स्टैंड बनने के बाद पुराने बस स्टैंड को बंद कर दिया गया था।

इसके बाद यहां केवल पुरानी और निष्क्रिय बसें खड़ी की जाती थीं। नए बस स्टैंड की दूरी के कारण शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को पहले आॅटो या अन्य साधन से वहां तक जाना पड़ता था और फिर बस पकड़नी पड़ती थी। इससे यात्रियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ने के साथ-साथ समय भी अधिक लगता था। स्थानीय लोगों और ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए प्रशासन ने पुराने बस स्टैंड से ग्रामीण रूटों की बस सेवा दोबारा शुरू करने का निर्णय लिया है। 

इन रूटों के लिए मिलेगी बस सेवा

बूथ नंबर-1 से डिग मंडी, एहलीसदर और करनौली रूट की बसें संचालित होंगी। बूथ नंबर-2 से बीराबदी, अलीका, नागपुर, अजीतनगर तथा सरदूलगढ़ रूट की बसें मिलेंगी। बूथ नंबर-3 से हंसपुर, सौत्र, भट्टू और सरदूलगढ़ के लिए बस सेवा उपलब्ध रहेगी। बूथ नंबर-4 से दादूपुर, हडौली तथा तामसपुरा-रत्ताखेड़ा रूट पर बसें चलेंगी। बूथ नंबर-5 से गोरखपुर, नहला और साबरवास के लिए बसों का संचालन होगा।

बूथ नंबर-6 से भिरड़ाना, पालसर, गुरुसर, ढाणी माजरा तथा काताखेड़ी रूट की बसें मिलेंगी। बूथ नंबर-7 से भूथन, हसंगा और नाढोडी मार्ग पर नियमित बस सेवा रहेगी। बूथ नंबर-8 से आदमपुर, बड़ोपल, सारंगपुर, बीघड़, भाणा, बनावाली, खैरमपुर और बालसमंद के लिए बसें संचालित होंगी। इन सभी रूटों के लिए सुबह से लेकर शाम तक निर्धारित समय पर बसें उपलब्ध रहेंगी, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों को नियमित और सुविधाजनक परिवहन मिलेगा।

यात्रियों को होगा सीधा लाभ

पुराने बस स्टैंड से ग्रामीण बस सेवा शुरू होने से यात्रियों को अब नए बस स्टैंड तक पहुंचने के लिए अलग से आॅटो या अन्य वाहन का किराया नहीं देना पड़ेगा। इससे समय और पैसे दोनों की बचत होगी। खासकर छात्र, कर्मचारी, किसान और रोजाना सफर करने वाले ग्रामीण यात्रियों को इसका सबसे अधिक लाभ मिलेगा। पुराने बस स्टैंड के दोबारा संचालन और आठ बूथों के माध्यम से गांवों तक सीधी बस सेवा शुरू होने से क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन के इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे लंबे समय से लंबित मांग पूरी होने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।

Fatehabad Bus Stand

About The Author

Related Posts