फरीदाबाद में 'ड्रग्स फ्री हरियाणा' कैंपेन का समापन, 16 दिन चला अभियान ढाई लाख लोगों को किया जागरूक
डीसीपी कौशिक बोलीं- दृढ़ संकल्प और परिवार के सहयोग से छूट सकता है नशा
फरीदाबाद (सच कहूँ/सागर दहिया)। Drug-Free Haryana: मुख्यमंत्री नायब सैनी के 'नशा मुक्त हरियाणा' सपने को साकार करने के लिए फरीदाबाद पुलिस और हरियाणा राज्य नारकोटिक कंट्रोल ब्यूरो द्वारा चलाए जा रहे ड्रग्स फ्री हरियाणा अभियान का शुक्रवार को समापन हो गया। अंतर्राष्ट्रीय ड्रग निरोधक दिवस के मौके पर एनएचपीसी कॉम्प्लेक्स, सूरजकुंड रोड में संयुक्त जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल की प्रेरणा और एडीजीपी संजय कुमार के मार्गदर्शन में 11 जून को चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सरसा से यह 16 दिवसीय जागरूकता यात्रा शुरू हुई थी।
सरसा, फतेहाबाद, पंचकूला, यमुनानगर, पानीपत, कैथल, झज्जर, सोनीपत और गुरुग्राम होते हुए यात्रा 26 जून को फरीदाबाद पहुंची। कार्यक्रम का आयोजन एनएचपीसी के सीएमडी भूपेंद्र गुप्ता के सहयोग से हुआ। कार्यक्रम का आरंभ जीएम आशुतोष मिश्रा ने किया और धन्यवाद ज्ञापन जीएम राजेश ने दिया। पुलिस उपायुक्त यातायात जयवीर राठी कार्यक्रम के अध्यक्ष रहे। कार्यक्रम में एसीपी एनआईटी विनोद कुमार, एसीपी बल्लभगढ़ रवि कुमार, डीएसपी जितेंद्र राणा, हरियाणा राज्य नारकोटिक कंट्रोल ब्यूरो व फरीदाबाद पुलिस के अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग की टीम और विभिन्न स्कूल-कॉलेजों के प्रधानाचार्य, अध्यापक व विद्यार्थी मौजूद रहे।
परिवार के सहयोग से छूट सकता है नशा: डीसीपी
मुख्य अतिथि डीसीपी मुख्यालय हिमाद्री कौशिक ने कहा कि फरीदाबाद पुलिस ने पिछले एक साल में 500 से अधिक जागरूकता कार्यक्रम कर करीब 2.50 लाख लोगों को जागरूक किया है। उन्होंने कहा, "दृढ़ संकल्प, परिवार के सहयोग और खेलकूद से नशे की आदत छूट सकती है। भारत में संयुक्त परिवार का सिस्टम है, जिससे नशा छोड़ने में आसानी होती है।" उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने क्षेत्र में 5 लोगों को भी नशे के खिलाफ जागरूक करें, तो यह पुलिस की लड़ाई में बड़ा योगदान होगा।
वर्दीधारी है तो हम सुरक्षित हैं: डॉ. भट्टाचार्य
एनएचपीसी के स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. वत्सल और डॉ. सतरूपा भट्टाचार्य ने भी विचार रखे। डॉ. भट्टाचार्य ने कहा, "वर्दीधारी है तो हम सुरक्षित हैं।" कार्यक्रम का संचालन पुलिस मुख्यालय पंचकूला के प्रभारी आउटरीच राजीव रंजन ने किया। निरीक्षक सुनीता, प्रभारी सामुदायिक पुलिसिंग ने शैक्षणिक संस्थाओं के सहयोग की सराहना की। कार्यक्रम में चित्र कलाकार फरहीन, किशोर, सफिया, मोनिका व इकरा की नशे के दुष्परिणामों पर पेंटिंग आकर्षण का केंद्र रहीं।

About The Author