पेट्रोल पंप लूट का खुलासा: कर्मचारी ही निकला मास्टरमाइंड, वारदात को लूट दिखाने के लिए साथी से कराया हमला
सीसीटीवी में लाठी मारने के अंदाज से पुलिस को हुआ शक, पूछताछ में खुला राज
हांसी/हिसार (सच कहूँ/मुकेश)। Hansi News: हांसी-जींद रोड स्थित पानी पेट्रोल पंप पर सोमवार तड़के हुई करीब 35 हजार रुपये की कथित लूट की गुत्थी पुलिस ने कुछ ही घंटों में सुलझा ली। मामले में सबसे बड़ा खुलासा यह हुआ कि पेट्रोल पंप का कर्मचारी ही पूरी वारदात का मास्टरमाइंड निकला। लूट का ड्रामा रचने के लिए उसने अपने एक साथी को शामिल किया था, जिसने कंबल ओढ़कर कमरे में प्रवेश किया और लाठी से हमला करने का नाटक कर नकदी लेकर फरार हो गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि पेट्रोल पंप कर्मचारी दीपक, निवासी थुराना गांव, ने अपने साथी ढाणा गांव निवासी युवक के साथ मिलकर पूरी साजिश रची थी। योजना के तहत साथी सोमवार तड़के करीब तीन बजे कंबल ओढ़कर हाथ में लाठी लेकर कमरे में पहुंचा और दीपक पर हल्के वार कर लूट का माहौल बनाया। इसके बाद करीब 35 हजार रुपये की नकदी लेकर फरार हो गया, ताकि घटना वास्तविक लूट लगे। हालांकि, वारदात के तुरंत बाद जब पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली तो आरोपी द्वारा दीपक पर लाठी मारने का तरीका पुलिस अधिकारियों को संदिग्ध लगा।
कर्मचारी से गहन पूछताछ से हुआ खुलासा
फुटेज में हमलावर के वार बनावटी प्रतीत हो रहे थे और दोनों के बीच किसी तरह के वास्तविक संघर्ष के संकेत नहीं मिले। इसी आधार पर पुलिस का शक सबसे पहले कर्मचारी दीपक पर गया। इसके बाद सीआईए टीम और पुलिस ने दीपक से सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उसने पूरी साजिश का खुलासा कर दिया। उसकी निशानदेही पर ढाणा गांव निवासी उसके साथी को भी हिरासत में ले लिया गया। दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
शेखपुरा चौकी प्रभारी जय सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में कंबल ओढ़कर आए युवक द्वारा लाठी मारने का अंदाज शुरू से ही संदिग्ध लग रहा था। इसी आधार पर पुलिस ने कर्मचारी से गहन पूछताछ की, जिसमें उसने पूरी साजिश स्वीकार कर ली। दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है तथा मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई जारी है।