आंधी से बिजली लाइन टूटी, वार्ड-11 में खतरे के साये में लोग
एसडीएम ने तुरंत बिजली विभाग को दिए तत्काल समाधान के निर्देश
Published On
नारायणगढ़ (सच कहूँ/सुरजीत कुराली)। Naraingarh News: शहर के वार्ड-11 में पिछले कई सालों से घरों की छतों को छूती हुई गुजर रही 11 हजार वोल्ट की बिजली की तारें स्थानीय निवासियों के लिए बड़ी मुसीबत बन गई हैं। रविवार को आई तेज आंधी के कारण यह मुख्य लाइन अब टूटकर गली के बीचों-बीच लटक गई है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। वार्ड-11 के महाबीर सिंह, मुकेश कुमार, पवन कुमार, राजीव, नेहा रानी चन्नप्रीत सिंह आदि के अनुसार, बिजली विभाग द्वारा बार-बार गुहार लगाने के बाद भी कोई कार्रवाई न किए जाने से नाराज पीड़ितों ने सोमवार को एसडीएम शिवजीत भारती से मुलाकात कर लिखित शिकायत सौंपी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम ने तुरंत बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता को फोन कर इस समस्या का तत्काल समाधान करने के कड़े निर्देश दिए हैं।