शिक्षा और रोजगार
20 ग्राम हेरोइन सहित बाइक सवार दो युवक गिरफ्तार
जंक्शन थाना पुलिस की कार्रवाई, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
हनुमानगढ़। जिले में नशा तस्करी और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जंक्शन थाना पुलिस ने 20 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से हेरोइन के साथ प्रयुक्त मोटर साइकिल भी जब्त की गई है। पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना ने बताया कि नशा तस्करी, अवैध मादक पदार्थों, अवैध हथियारों, जुआ-सट्टा एवं अन्य अपराधों की रोकथाम के लिए जिलेभर में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। Hanumangarh News
इसी अभियान के तहत जंक्शन थाना प्रभारी रामचन्द्र कस्वां के नेतृत्व में उप निरीक्षक गजेन्द्र शर्मा एवं उनकी टीम गश्त पर थी। गश्त के दौरान पुलिस ने वीके सिटी कॉलोनी के सामने मोटर साइकिल सवार सुशील (26) पुत्र साहबराम वाल्मीकि निवासी वार्ड संख्या 3, नंदराम की ढाणी पीएस टाउन तथा रवि कुमार (25) पुत्र पृथ्वीराज वाल्मीकि निवासी वार्ड संख्या 10, गाहड़ू पीएस टाउन को रोककर तलाशी ली। तलाशी में उनके कब्जे से 20 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया। मामले की जांच महिला थाना प्रभारी रजनदीप कौर कर रही हैं। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस कार्रवाई में साक्ष्य संकलन एवं गोपनीय सूचना जुटाने में जिला विशेष टीम (डीएसटी) हनुमानगढ़ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्रवाई करने वाली टीम में उप निरीक्षक गजेन्द्र शर्मा, सहायक उप निरीक्षक नीकूराम, हेड कांस्टेबल मेजर सिंह तथा कांस्टेबल बलदेव कुमार और आनंद कुमार शामिल रहे। Hanumangarh News