शिक्षा और रोजगार
Haryana Roadways Bus Accident: एक दूसरे से आगे निकलने की होड़ में टकराई रोडवेज बसें, यात्री घायल
कैथल में हरियाणा रोडवेज की दो बसों की टक्कर, कई यात्री घायल
कैथल (सच कहूँ न्यूज)। Haryana Roadways Bus Accident: कैथल में रविवार रात हरियाणा रोडवेज की दो बसों के बीच हुई टक्कर में कई यात्री घायल हो गए। सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों और यात्रियों के अनुसार दोनों रोडवेज बसें अंबाला से ही तेज रफ्तार में चल रही थीं। यात्रियों का आरोप है कि दोनों बसों के चालक एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ में थे, जिसके चलते यह दुर्घटना हुई। प्रत्यक्षदर्शी ओमप्रकाश निवासी नरवाना ने बताया कि आगे चल रही बस के सामने अचानक एक बाइक आ गई, जिस कारण चालक ने अचानक ब्रेक लगा दी। पीछे आ रही बस तेज गति में होने के कारण समय पर नियंत्रित नहीं हो सकी और आगे वाली बस से टकरा गई। हादसे में तीन से चार लोगों को चोटें आई हैं।
हादसे से नाराज कुछ यात्रियों ने रोडवेज प्रशासन और संबंधित चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। एक यात्री ने कहा कि बस की रफ्तार इतनी अधिक थी कि रास्ते भर यात्रियों में डर का माहौल बना रहा। उन्होंने दुर्घटना के लिए चालक की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया। वहीं, आगे चल रही बस के चालक का कहना है कि अचानक सामने आए बाइक चालक को बचाने के लिए ब्रेक लगानी पड़ी, जिससे पीछे आ रही बस उससे टकरा गई।
बाइक चालक का ड्रिंक एंड ड्राइव चालान
हादसे के बाद रोडवेज बस चालक और बाइक चालक को सिविल लाइन थाना लाया गया। बस चालक की शिकायत पर बाइक चालक की लापरवाही और शराब के नशे में वाहन चलाने का आरोप लगाया गया। पुलिस ने जांच के दौरान बाइक चालक का ड्रिंक एंड ड्राइव चालान काटते हुए उसकी मोटरसाइकिल को भी इंपाउंड कर दिया।
शिकायत मिलने पर होगी कार्रवाई: पुलिस
सिविल लाइन थाना के एसआई वीरेंद्र सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और यातायात को सुचारु कराया। हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई है। फिलहाल किसी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।