सरसा की बेटी नीतू वायु सेना में चयनित

लुदेसर की नीतू ने बढ़ाया क्षेत्र का मान, भारतीय वायुसेना में हुआ चयन

Published On

नाथूसरी चौपटा (सच कहूँ/भगत सिंह)। Nathusari Chopta News: भारतीय वायुसेना में एयरोनॉटिकल इंजीनियर इलेक्ट्रॉनिक्स शाखा में चयनित नीतू का सरसा जिले के लुदेसर गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने स्वागत किया। नीतू अपने ननिहाल गांव लुदेसर से बचपन से जुड़ी रही हैं, जहां उनका बचपन बीता। उनकी इस उपलब्धि पर गांव के युवा और बुजुर्गों ने गर्व व्यक्त किया है। नीतू ने भारतीय वायुसेना में अधिकारी बनने का अपना सपना साकार किया है। उन्होंने एएफसीएटी-2025 परीक्षा, एसएसबी इंटरव्यू और पायलट एप्टीट्यूड टेस्ट सफलतापूर्वक उत्तीर्ण किए हैं। नीतू का पैतृक गांव राजस्थान का अनूपशहर है।

उनके पिता सूबेदार वेद प्रकाश ने भारतीय सेना की प्रतिष्ठित 25 ग्रेनेडियर्स यूनिट में सेवाएं दी हैं। नीतू की प्रारंभिक शिक्षा दयानंद स्कूल चौपटा और आर्मी पब्लिक स्कूल, श्रीगंगानगर से हुई। उन्होंने अपनी उच्च शिक्षा चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी से पूरी की। पढ़ाई के दौरान उन्होंने एनसीसी एयर विंग में सक्रिय भूमिका निभाई। वर्ष 2023 की गणतंत्र दिवस परेड दिल्ली में उन्होंने अपने डायरेक्ट्रेट का प्रतिनिधित्व किया। इस प्रतिष्ठित कैंप में उन्होंने बेस्ट कैडेट कैटेगरी में हिस्सा लिया और पूरे देश में शीर्ष 7 कैडेट्स में अपनी जगह बनाई। उनके परनाना सूबेदार भीम सिंह गोदारा मूल रूप से गांव लुदेसर, जिला सरसा के निवासी थे। उन्होंने ब्रिटिश भारतीय सेना की राजपूताना राइफल्स में सेवा दी और द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान बर्मा मोर्चे पर बहादुरी से लड़ाई लड़ी।

उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें बर्मा स्टार सहित कई प्रतिष्ठित सैन्य पदकों से सम्मानित किया गया था। नीतू की यह उपलब्धि केवल उनके परिवार ही नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। विशेष बात यह है कि दादा रामस्वरूप कसवां के परिवार से एक साथ तीन युवाओं ने सैन्य सेवाओं में स्थान प्राप्त कर परिवार की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाया है। इनमें सुशील पूनिया का चयन टेरिटोरियल आर्मी में तथा रविंद्र गोदारा का चयन आर्मर्ड रेजिमेंट में हुआ है। परिवार और क्षेत्र के लोगों ने नीतू की इस सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि क्षेत्र की बेटियों और युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। नीतू ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों, एनसीसी प्रशिक्षण और परिवार की सैन्य विरासत को दिया है।

Nathusari Chopta News
Nathusari Chopta News: वायु सेना में चयनित नीतू को बधाई देते महिलाएं हुए।

 

About The Author

Related Posts