शिक्षा और रोजगार
जयपुर में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने सेमिनार का आयोजन
कार्यक्रम में डीपीआईआईटी, केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय, के अतिरिक्त सचिव अतीश कुमार सिंह ने सहभागिता की
जयपुर (सच कहूं न्यूज)। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय, भारत सरकार के उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (DPIIT) के अंतर्गत संचालित स्टार्टअप इंडिया ने राजस्थान सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग (DoIT&C) के सहयोग से भामाशाह टेक्नो हब, जयपुर में कार्यक्रम का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में डीपीआईआईटी, केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय, के अतिरिक्त सचिव अतीश कुमार सिंह ने सहभागिता की। अतीश कुमार सिंह ने राजस्थान के स्टार्टअप और नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र से जुड़े प्रमुख हितधारकों के साथ संवाद किया। इस दौरान राज्य के उद्यमिता परिदृश्य, उभरते अवसरों और चुनौतियों पर चर्चा की गई तथा नवाचार, उद्यमिता और सतत आर्थिक विकास को बढ़ावा देने में राज्य सरकार की पहलों की महत्वपूर्ण भूमिका पर विचार-विमर्श किया गया। Jaipur News
कार्यक्रम के अंतर्गत अतीश कुमार सिंह ने अपने संबोधन में पिछले एक दशक में स्टार्टअप इंडिया की परिवर्तनकारी यात्रा पर प्रकाश डाला। सिंह ने कहा, “स्टार्टअप इंडिया पहल के दस वर्ष और इस सरकार के बारह वर्ष पूरे होने के इस महत्वपूर्ण अवसर पर, राजस्थान की उपलब्धियां उद्यमिता और नवाचार को बढ़ावा देने के प्रति उसकी निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं। आगे बढ़ते हुए, हमारा ध्यान केवल जयपुर जैसे बड़े शहरों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उन जिलों और समुदायों तक भी पहुँचना चाहिए जो अभी इस इकोसिस्टम का पूर्ण रूप से हिस्सा नहीं बन पाए हैं। तेजस जैसी पहलें इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं, और भारत की नवाचार यात्रा के अगले दशक को आकार देने में राजस्थान की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।”
कार्यक्रम में विभोर जैन, एमडी व सीईओ, ओपन नेटवर्क फॉर डिजिटल कॉमर्स का एक विशेष सत्र भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्टार्टअप संस्थापक, इनक्यूबेटर, इकोसिस्टम सहयोगी, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, शैक्षणिक संस्थान, निवेशक तथा सरकारी हितधारक शामिल हुए। Jaipur News