शिक्षा और रोजगार
बोली प्रक्रिया में कूटरचित हस्ताक्षर और मिलीभगत से जमीन हथियाने का आरोप
कृषि भूमि की नीलामी में फर्जीवाड़ा, धोखाधड़ी का मामला दर्ज
हनुमानगढ़। नोहर थाना पुलिस ने कृषि भूमि की नीलामी प्रक्रिया में कथित अनियमितता, कूटरचना और धोखाधड़ी के आरोपों को लेकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में हरदासवाली निवासी एक व्यक्ति एवं उसके सहयोगियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार कुंज बिहारी (52) पुत्र ज्ञानेन्द्र ब्राह्मण निवासी बिरकाली हाल शिव वैली, गंगाशहर, बीकानेर ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि रोही पाण्डुसर स्थित संयुक्त खातेदारी कृषि भूमि में महेन्द्र कुमार पुत्र बुधराम शर्मा के हिस्से की भूमि न्यायालय के आदेश पर कुर्क होने के बाद वर्ष 2023 में नीलामी के लिए रखी गई थी। Hanumangarh News
परिवादी का आरोप है कि 12 दिसम्बर 2023 को नोहर तहसील कार्यालय में आयोजित नीलामी प्रक्रिया संदेहास्पद परिस्थितियों में सम्पन्न कराई गई। रिपोर्ट में कहा गया है कि नीलामी में जिन व्यक्तियों को बोलीदाता दर्शाया गया, उनमें से कुछ ने बाद में स्वीकार किया कि उन्होंने न तो अमानत राशि जमा करवाई और न ही नीलामी प्रक्रिया में हिस्सा लिया था। शिकायत के अनुसार आरोपित बलवंत पुत्र हेतराम निवासी हरदासवाली तहसील रावतसर ने कथित रूप से प्रभाव और मिलीभगत के जरिए अन्य व्यक्तियों की जगह कूटरचित हस्ताक्षर करवाकर बोली प्रक्रिया को प्रभावित किया तथा अमूल्य कृषि भूमि को कम कीमत पर अपने नाम हासिल कर लिया।
परिवादी ने यह भी आरोप लगाया कि भूमि मालिक महेन्द्र कुमार लंबे समय से लापता है और नीलामी के दौरान उसके वारिसों या संयुक्त खातेदारों को कोई प्रभावी सूचना नहीं दी गई। शिकायत में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ सांठगांठ कर नीलामी प्रक्रिया को प्रभावित करने का भी आरोप लगाया गया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि कथित अनियमितताओं के कारण भूमि के वास्तविक वारिसों और संयुक्त खातेदारों को भारी नुकसान हुआ है। परिवादी ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच उप निरीक्षक राजेन्द्र कुमार को सौंप दी है। मामले की विस्तृत जांच जारी है। Hanumangarh News