दुखेड़ी गोलीकांड में 6 दिन तक जिंदगी से जंग लड़ने के बाद केशव ने तोड़ा दम, परिजनों में भारी रोष
दुखेड़ी गोलीकांड के घायल केशव की मौत, परिवार में मातम और गुस्सा
अंबाला (सच कहूँ/संदीप सांतरे)। Ambala News: जिले के दुखेड़ी गांव में करीब एक सप्ताह पहले भड़की आपसी रंजिश ने आखिरकार एक घर का चिराग बुझा दिया। गत 17 जून को गली के मामूली विवाद में पेट में गोली लगने से घायल हुए 19 वर्षीय युवक केशव ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। शव के पोस्टमार्टम के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटनाक्रम के अनुसार, गांव की एक ही गली में रहने वाले दो पक्षों के बीच लंबे समय से मनमुटाव चल रहा था। वारदात वाले दिन दोपहर के समय दोनों गुट अचानक आमने-सामने आ गए, जिसके बाद विवाद इतना बढ़ा कि एक पक्ष ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी।
गोली सीधे केशव के पेट में जा लगी। लहूलुहान हालत में ग्रामीण उसे तुरंत दिल्ली हाईवे स्थित निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसका आॅपरेशन भी किया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। गांव में पसरे तनाव को देखते हुए पुलिस मुस्तैद है। पुलिस को मौके से कारतूस के खोल और सीसीटीवी फुटेज हाथ लगे हैं, जिसके आधार पर जांच आगे बढ़ रही है। सीआईए 2 के प्रभारी रवि कुमार के मुताबिक, मुख्य आरोपी अंकित को रिमांड पर लेकर वारदात में प्रयुक्त पिस्तौल, मैगजीन और वाहन बरामद कर लिए गए हैं। साथ ही, उत्तर प्रदेश से अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले मुख्य सरगना को भी दबोच लिया गया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस मुख्य आरोपियों को पकड़ने में ढील बरत रही है, जिससे उनमें गहरा रोष है।