अनाधिकृत रूप से बना है मुगल गार्डन, ध्वस्तीकरण की तलवार लटकी

वलीमे की दावत में गोमांस बनाने पर प्रशासन की कार्यवाही तेज, मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण(एमडीए) की टीम ने कैराना पहुंचकर मुगल गार्डन को किया सील

Published On

कैराना (सच कहूँ/संदीप इन्सां)। Kairana News: वलीमे की दावत में गोमांस बनाए जाने के प्रकरण में प्रशासन की कार्यवाही लगातार जारी है। मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण(एमडीए) की टीम ने कैराना पहुंचकर मुगल गार्डन मैरिज होम को अनाधिकृत निर्माण बताते हुए सील कर दिया है। एमडीए की कार्यवाही से मैरिज होम के ध्वस्तीकरण की संभावना बढ़ गई है। इससे पूर्व, पुलिस मामले में दूल्हे, उसके मामा तथा मुगल गार्डन के स्वामी को गिरफ्तार करके जेल भेज चुकी हैं।

मंगलवार को मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण की पांच सदस्यीय टीम एक्सईएन विनीत अग्रवाल के नेतृत्व में कैराना के मोहल्ला रेतेवाला में स्थित मुगल गार्डन मैरिज होम पर पहुंची। तहसीलदार अर्जुन चौहान, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक समयपाल अत्री व अपराध निरीक्षक योगेंद्र सिंह भी टीम के साथ में थे। यहां पर पहुंचकर टीम ने मुगल गार्डन मैरिज होम को सील करने की कार्यवाही शुरू की। एमडीए टीम में शामिल स्टाफ ने कुछ ही देर में मैरिज होम को अवैध निर्माण लिखी लाल पट्टी से चारों तरफ से सील कर दिया। टीम में शामिल अवर अभियंता जगदेव सिंह ने बताया कि एमडीए से अधिकृत मानचित्र प्राप्त किये बगैर अनाधिकृत रूप से मैरिज होम का निर्माण कराया गया है, जिसके चलते उच्चाधिकारियों के निर्देश पर इसे सील करने की कार्यवाही की गई है। उन्होंने बताया कि मैरिज होम संचालक को पूर्व में भी नोटिस भेजकर अधिकृत नक्शा प्राप्त करने के लिए कहा गया था, परन्तु संचालक की ओर से कोई जवाब नहीं दिया गया।

अवर अभियंता ने बताया कि नोटिस में 15 दिनों का वक्त दिया गया है। निर्धारित समयावधि के भीतर जवाब दाखिल न होने पर उच्चाधिकारियों को मामले की रिपोर्ट प्रेषित की जाएगी, जिसके पश्चात अग्रिम कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने बताया कि कैराना में कुल पांच बैंक्वेट हॉल संचालकों को नोटिस दिए गए है, जिनमें भारत व इंडियन बैंक्वेट हॉल भी शामिल है। केवल एक बैंक्वेट हॉल स्वामी के द्वारा नक्शा होने की बात कही गई है। टीम में अवर अभियंता संदीप कुमार भी शामिल रहे। एमडीए की सीलिंग कार्यवाही से मुगल गार्डन मैरिज होम के खिलाफ बुलडोजर एक्शन की प्रबल संभावना बन गई है। इससे पूर्व, पुलिस ने भी घटना से अगले दिन ही मैरिज होम को सील कर दिया था। वहीं, सुरक्षा-व्यवस्था के दृष्टिगत कस्बे की इमामगेट चौकी प्रभारी जितेंद्र त्यागी भी पुलिस बल के साथ में मौके पर मुस्तैद नजर आए।

यह है पूरा मामला...

विगत गुरुवार की शाम कोतवाली पुलिस ने कस्बे के मोहल्ला रेतेवाला में स्थित मुगल गार्डन मैरिज होम में वलीमे की दावत में गोमांस पकाए जाने की सूचना पर छापामार कार्यवाही की थी। जहां पर पुलिस ने गोमांस से बने व्यंजन बरामद किए थे। पुलिस ने मौके पर मौजूद दूल्हे फरमान व उसके मामा सलमान निवासी मोहल्ला छड़ियान कस्बा कैराना को गिरफ्तार कर लिया था। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने इस्सापुर खुरगान के जंगल से गोवंश अवशेष, पशु वध के उपकरण, दस किग्रा गोमांस बरामद किया था।

गोमांस को इस्सापुर खुरगान के जंगल से मैरिज होम तक ले जाने में इस्तेमाल की गई दहेज में मिली नई स्कॉर्पियो कार को भी पुलिस ने सीज कर दिया था। मामले में दभेड़ी खुर्द चौकी प्रभारी एसआई गौरव चौहान की ओर से पांच नामजद व कई अज्ञात लोगों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कराया गया था, जिसमें मुगल गार्डन मैरिज होम के संचालक व स्वामी अनीस अहमद को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस मामले में अभी तक दूल्हे, उसके मामा व मुगल गार्डन मैरिज होम स्वामी को गिरफ्तार करके जेल भेज चुकी हैं।

Kairana News

About The Author

Related Posts