Toll Plaza: टोल शुल्क विवाद में टोल मैनेजर की हत्या, स्कॉर्पियो सवार फरार
बाडोपट्टी टोल प्लाजा पर विवाद के बाद टोल मैनेजर की दर्दनाक मौत
हिसार (सच कहूँ/मुकेश)। Hisar News: हिसार के बाडोपट्टी टोल प्लाजा पर टोल शुल्क को लेकर हुए विवाद में टोल मैनेजर संजय शुक्ला की हत्या कर दी गई। आरोप है कि स्कॉर्पियो सवार चार युवकों ने खुद को स्थानीय निवासी बताते हुए टोल देने से इनकार कर दिया। आईडी मांगने पर विवाद बढ़ गया। जानकारी के अनुसार, रात करीब 1:45 बजे टोल प्लाजा पर पहुंचे युवकों की टोलकर्मियों से कहासुनी हो गई। इसी दौरान ड्यूटी मैनेजर संजय शुक्ला ने गाड़ी रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि स्कॉर्पियो चालक ने पहले उन्हें टक्कर मारकर गिराया और फिर गाड़ी बैक कर दोबारा उनके ऊपर चढ़ा दी।
इसके बाद आरोपी हिसार की ओर फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल संजय शुक्ला को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही बरवाला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से एक पिस्टल भी बरामद की। घटना से पहले टोलकर्मियों और युवकों के बीच हुई बहस का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक खुद को बहबलपुर गांव का निवासी बताते हुए टोलकर्मियों को आईडी दिखाने से इनकार करते नजर आ रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
