Ek Ped Maa Ke Naam 3.0: हरियाणा के 23 हजार स्कूल लगाएंगे इन छुट्टियों में एक पेड़ मां के नाम
स्कूलों में अवकाश के दौरान भी छात्रों को पर्यावरण संरक्षण गतिविधियों से जोड़ने की कवायद
'Ek Ped Maa Ke Naam 3.0' Campaign: सरसा (सच कहूँ/सुनील वर्मा)। हरियाणा सरकार ने विश्व पर्यावरण दिवस-2026 के अवसर पर प्रदेश के सरकारी, निजी एवं सहायता प्राप्त स्कूलों में बड़े स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाने के निर्देश जारी किए हैं। हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार राज्य के 23,438 स्कूलों को मिलाकर 12 लाख 14 हजार 746 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके तहत स्कूलों में एक पेड़ मां के नाम 3.0 अभियान चलाया जाएगा।
विभाग के अनुसार प्रत्येक स्कूल को अपने परिसर अथवा आसपास पौधारोपण करने के लिए प्रेरित किया गया है। जिन स्कूलों में पर्याप्त स्थान उपलब्ध नहीं है, वहां विद्यार्थी अपने घरों, सड़कों के किनारे अथवा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी पौधे लगा सकेंगे। अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ना और हरित वातावरण को बढ़ावा देना है। Sirsa News
स्कूलों को फोटो सहित अपलोड करनी होगी रिपोर्ट
विभाग ने सभी स्कूलों को पौधारोपण और अन्य गतिविधियों का रिकॉर्ड फोटो सहित निर्धारित सरकारी पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए हैं। अभियान की मॉनिटरिंग राज्य स्तर पर की जाएगी तथा इसकी लाइव ट्रैकिंग भी होगी। जिला शिक्षा अधिकारियों और जिला परियोजना समन्वयकों को अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए 5 से 30 जून तक सात दिवसीय ग्रीन समर कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें कक्षा 6वीं से 12वीं तक के विद्यार्थी भाग लेंगे। कैंप में मिशन लाइफ के तहत स्वस्थ जीवनशैली, जल संरक्षण, ऊर्जा बचत, ई-वेस्ट प्रबंधन, कचरा निस्तारण, कंपोस्ट पिट निर्माण तथा सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को कम करने जैसे विषयों पर गतिविधियां करवाई जाएंगी।
यूथ एंड इको क्लब निभाएंगे अहम भूमिका
स्कूलों में संचालित यूथ एंड इको क्लब इस अभियान की मुख्य इकाई होंगे। शिक्षकों की देखरेख में विद्यार्थियों को प्रकृति भ्रमण, जैव विविधता संरक्षण, किचन गार्डन विकसित करने तथा स्वच्छता गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। इसके अलावा विद्यार्थियों को भारत के राष्ट्रीय जलवायु लक्ष्यों के प्रति भी जागरूक किया जाएगा। इसके लिए क्विज, पोस्टर मेकिंग, इन्फोग्राफिक्स, जल एवं ऊर्जा आॅडिट तथा विशेष प्रदर्शनियों का आयोजन किया जाएगा। Sirsa News
हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद द्वारा प्रदेश के सभी सरकारी, निजी एवं सहायता प्राप्त स्कूलों में एक पेड़ मां के नाम 3.0 अभियान के तहत व्यापक पौधारोपण कार्यक्रम चलाया जाएगा। विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए ग्रीन समर कैंप भी आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि स्कूलों को पौधारोपण एवं अन्य गतिविधियों का रिकॉर्ड फोटो सहित निर्धारित पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं तथा अभियान की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी। - विनोद कुमार, समग्र शिक्षा अभियान के सहायक जिला परियोजना समन्वयक
वर्तमान में प्रदेश के अधिकांश स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश चल रहे हैं। ऐसे में विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करना, पौधारोपण गतिविधियों का संचालन करना तथा लगाए गए पौधों की देखभाल करना स्कूलों और विभाग के लिए एक व्यावहारिक चुनौती रहेगा। हालांकि विभाग ने विद्यार्थियों को घरों और सार्वजनिक स्थानों पर भी पौधे लगाने की अनुमति देकर अभियान को व्यापक स्वरूप देने का प्रयास किया है। Sirsa News