8 किलो 499 ग्राम हेरोइन, 1.33 लाख नशीली गोलियां बरामद, 6 गिरफ्तार 

फिरोजपुर पुलिस ने विभिन्न मामलों में हासिल की बड़ी सफलता

Published On

फिरोजपुर (सच कहूँ/जगदीप सिंह)। Firozpur News: ‘युद्ध नशों के विरूद्ध’ और ‘गैंगस्टरों पर वार’ अभियान के तहत फिरोजपुर पुलिस ने विभिन्न मामलों में 5 आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए 5 किलो 775 ग्राम हेरोइन, 1,33,640 प्रतिबंधित गोलियां/कैप्सूल और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। जानकारी देते हुए एसएसपी फिरोजपुर भूपेन्द्र सिंह सिद्धू ने बताया कि जिले में नशों के खात्मे, नशा तस्करों, असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर पूर्ण रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे इन अभियानों के तहत सीआईए जीरा की टीम को बड़ी सफलता मिली।

एएसआई अंग्रेज सिंह, सीआईए स्टाफ फिरोजपुर की टीम गश्त व चेकिंग के दौरान टोल प्लाजा, आरिफ के (फिरोजपुर-मक्खू रोड) के पास पहुंची, जहाँ मुखबिर खास की सूचना पर मनजिन्द्र सिंह पुत्र कुलबीर सिंह निवासी लक्खा भेडिया और जगजीत सिंह पुत्र जोगिन्द्र सिंह निवासी वार्ड नंबर 09 मल्लांवाला को अनाज मंडी बस्ती वकीलां वाली के पास से गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान इनके पास से 5 किलो 775 ग्राम हेरोइन, 4 मोबाइल फोन और 1 स्विफ्ट कार बरामद हुई। इस संबंध में थाना आरिफ के में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

इसी अभियान के तहत एसआई दीपक, थाना ममदोट की टीम को भी बड़ी सफलता मिली। गश्त के दौरान मिली सूचना के आधार पर गुरदेव सिंह पुत्र बलदेव सिंह निवासी ममदोट उताड़ को उसके मेडिकल हाल में नशीली/प्रतिबंधित गोलियां और कैप्सूल बेचते हुए पकड़ा गया। ड्रग इंस्पेक्टर की मौजूदगी में की गई कार्रवाई में मेडिकल हाल से 1,33,640 प्रतिबंधित गोलियां/कैप्सूल, 36,600 रुपये नकद और 39 जिंदा कारतूस (केएफ 7.65) बरामद हुए। बताया जा रहा है कि उक्त मेडिकल स्टोर का लाइसेंस पहले भी रद्द हो चुका था और आरोपी किसी अन्य के लाइसेंस पर स्टोर चला रहा था। 

एएनटीएफ और बीएसएफ द्वारा विभिन्न मामलों में 2 किलो 724 ग्राम हेरोइन बरामद

5 किलो 775 ग्राम हेरोइन की बरामदगी के अलावा एएनटीएफ फिरोजपुर रेंज द्वारा बीएसएफ के साथ संयुक्त ऑपरेशन के दौरान विभिन्न कार्रवाइयों में कुल 1 किलो 904 ग्राम हेरोइन बरामद कर 3 आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की गई। इस दौरान युगराज सिंह पुत्र निर्मल सिंह, निवासी पछाड़ियां, फिरोजपुर से 1 किलो 404 ग्राम हेरोइन तथा नवप्रीत सिंह पुत्र परमजीत सिंह और बलजिन्द्र सिंह पुत्र सुखविंदर सिंह, निवासी अटारी, अमृतसर से 500 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।

इसके अलावा 50 बटालियन बीएसएफ के जवानों द्वारा गांव छोटा बहादर के के खेतों से दो पैकेटों में कुल 820 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है। ये खेपें पाकिस्तान से आई हुई बताई जा रही हैं।फिलहाल आरोपियों के पिछले और आगे के संबंधों की बारीकी से जांच की जा रही है, ताकि इन मामलों में मुख्य सप्लायरों और वित्तीय मददगारों का पता लगाकर पूरे नेटवर्क को जड़ से खत्म किया जा सके।

Firozpur News (2)

About The Author

Related Posts