ग्रामीणों ने रुकवाया निर्माणाधीन सड़क कार्य, गुणवत्ता पर उठाए सवाल
घटिया निर्माण सामग्री के आरोपों के बीच ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कार्य रुकवाया
फतेहाबाद/कुकड़ावाली (सच कहूँ/मोहर सिंह)। Fatehabad News: गांव नूरकी अहली से जांडवाला सोत्र तक लगभग 4 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए काम रुकवा दिया। यह सड़क लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा बनाई जा रही है।
मौके पर सरपंच प्रतिनिधि राकेश कम्बोज, पंच सुमित नड्डा, सदस्य मनु मिरोक, पूर्व सदस्य हरनाम जईया, भजन लाल, हरि सिंह बगड़िया, भगवान दास, सुमित, जोनी, विक्की गुरबचन, डॉ. रमेश मताना, सुरेश मताना, कमल, महेंद्र और सुरेंद्र सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने बिजली घर के सामने निर्माण कार्य रुकवाते हुए आरोप लगाया कि सड़क निर्माण में निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर बिना उचित सफाई किए मिट्टी के ऊपर ही तारकोल डाला जा रहा है। इसके अलावा सड़क का लेवल भी सही नहीं रखा जा रहा तथा घटिया सामग्री का प्रयोग किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने आशंका जताई कि इस प्रकार निर्मित सड़क अधिक समय तक टिकाऊ नहीं रहेगी और जल्द ही टूट-फूट का शिकार हो जाएगी। इस संबंध में पीडब्ल्यूडी के जेई संजय पुनिया से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। वहीं ठेकेदार की ओर से मौके पर मौजूद सुपरवाइजर ओमप्रकाश ने बताया कि हाल ही में हुई बारिश के कारण कुछ दिक्कतें आई हैं। उन्होंने कहा कि सड़क की आवश्यक सफाई कर बजरी डालकर लेवल को ठीक किया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाएगा और यदि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की कमी पाई जाती है तो उसे दूर किया जाएगा। ग्रामीणों ने विभाग से निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कर गुणवत्ता सुनिश्चित करने की मांग की है।
