आंधी में उड़े बस स्टैंड के बोर्ड, यात्रियों की बढ़ी परेशानी

कई दिन बाद भी रोडवेज विभाग नहीं जागा, साइन बोर्ड न होने से भटक रहे यात्री

Published On

टोहाना (सच कहूँ/सुरेंद्र गिल)। Tohana News: पिछले दिनों आई तेज आंधी और तूफान के कारण टोहाना के नए बस स्टैंड पर लगे कई साइन बोर्ड और मुख्य प्रवेश द्वारों के बोर्ड क्षतिग्रस्त होकर उड़ गए थे। कई दिन बीत जाने के बावजूद इन बोर्डों को पूरी तरह से दोबारा नहीं लगाया गया है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

जानकारी के अनुसार, बस स्टैंड के दोनों मुख्य गेटों पर लगे बड़े बोर्ड आंधी में टूटकर गिर गए थे। वहीं विभिन्न शहरों के लिए निर्धारित बूथों पर लगे साइन बोर्ड भी क्षतिग्रस्त हो गए। इन बोर्डों के अभाव में यात्रियों को यह समझने में कठिनाई हो रही है कि किस रूट की बस किस प्लेटफॉर्म या बूथ से संचालित होती है। सबसे अधिक परेशानी बुजुर्गों, महिलाओं और बाहरी क्षेत्रों से आने वाले यात्रियों को हो रही है। कई यात्री जानकारी के अभाव में एक बूथ से दूसरे बूथ तक भटकते नजर आते हैं। यात्रियों का कहना है कि बस स्टैंड पर रोजाना हजारों लोगों का आवागमन होता है और ऐसे में साइन बोर्डों का न होना बड़ी समस्या बन गया है।

स्थानीय नागरिकों ने रोडवेज विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द नए साइन बोर्ड और मुख्य गेटों पर बोर्ड लगवाए जाएं, ताकि यात्रियों को सही जानकारी मिल सके और बस स्टैंड की व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके।

नागरिकों का कहना है कि सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़े ऐसे कार्यों में विभाग को तत्परता दिखानी चाहिए, क्योंकि छोटी सी लापरवाही भी आमजन के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन जाती है।

क्या कहते हैं अधिकारी

इस संबंध में बस स्टैंड के अधिकारी सुरेश दहिया ने बताया कि क्षतिग्रस्त साइन बोर्डों को दोबारा लगाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि विभिन्न बूथों पर नए साइन बोर्ड लगाए जा रहे हैं तथा मुख्य गेट पर नया बोर्ड भी अगले कुछ दिनों में लगा दिया जाएगा। इससे यात्रियों को होने वाली असुविधा दूर हो सकेगी।

Tohana Bus Stand

About The Author

Related Posts