महेंद्रगढ़ में ट्रक से टकराई वाल्वो बस, दो यात्रियों की मौत, 16 यात्री हुए घायल
ट्रक ने बाइक को रौंदा, दो की मौत, एक गंभीर
महेन्द्रगढ़/नारनौल (सच कहूँ न्यूज)। Mahendragarh News: महेंद्रगढ़ जिले में नेशनल हाईवे-152डी पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बुचावास गांव के निकट मनाली से जयपुर लौट रही एक निजी वाल्वो बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और अंदर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार राजस्थान के जयपुर का एक पर्यटक दल छुट्टियां मनाने के लिए मनाली गया हुआ था। वापसी के दौरान यह बस एनएच-152डी के रास्ते जयपुर लौट रही थी। यात्रा के दौरान सुबह अचानक बुचावास क्षेत्र के पास बस आगे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, एंबुलेंस और राहत दल तुरंत मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और घायलों को तत्काल महेंद्रगढ़ के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल यात्रियों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
इस दुर्घटना में बहरोड़ (राजस्थान) निवासी 30 वर्षीय सोमबीर और 30 वर्षीय दिलसुख की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कुल 16 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें 11 की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। घटना के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त बस और ट्रक को हटवाया और यातायात को सामान्य कराया। प्रारंभिक जांच में बस का खड़े ट्रक से टकराना हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
नारनौल: हादसे में क्षतिग्रस्त वाहन और मृतकों की फाइल फोटो
ट्रक ने बाइक को रौंदा, दो की मौत, एक गंभीर
फरीदाबाद। फरीदाबाद में बड़खल मेट्रो फ्लाईओवर के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। जानकारी के अनुसार 24 वर्षीय विशाल एक निजी कंपनी में कार्यरत था। वीरवार देर रात वह अपने साथी अभिषेक और एक महिला के साथ बाइक पर घर लौट रहा था।
तीनों बल्लभगढ़ से दिल्ली की ओर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि विशाल और अभिषेक जाजरू गांव में किराए के मकान में रहते थे और दोनों एक ही कंपनी में काम करते थे, जबकि महिला उनकी परिचित थी, जिसकी पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है। इसी दौरान बड़खल फ्लाईओवर के पास ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में विशाल और महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अभिषेक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। ट्रक चालक की पहचान नहीं हो पाई है और मामले की जांच जारी है।
