नवनिर्मित पुलिस चौकी मन्नामाजरा का एसपी ने किया उद्घाटन
अपराध नियंत्रण, यातायात व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण एवं त्वरित पुलिस रिस्पांस के दृष्टिगत मन्नामाजरा अंडरपास के नीचे स्थापित की गई है पुलिस चौकी
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: अपराध नियंत्रण, बेहतर यातायात व्यवस्था एवं त्वरित पुलिस रिस्पांस के दृष्टिगत नेशनल हाइवे-709एड़ी पर गांव मन्नामाजरा के निकट बने अंडरपास के नीचे पुलिस चौकी का निर्माण कराया गया है। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक शामली नरेंद्र प्रताप सिंह के द्वारा नवनिर्मित पुलिस चौकी का फीता काटकर विधिवत तरीके से शुभारंभ किया गया। लोकार्पण के उपरांत एसपी ने चौकी भवन का निरीक्षण करके उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया। उन्होंने चौकी के प्रभावी संचालन, जनसुनवाई की बेहतर व्यवस्था तथा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसपी ने कहा कि पुलिस चौकी के संचालन से क्षेत्र के नागरिकों एवं राहगीरों को पुलिस सेवाएं और अधिक सुलभ एवं त्वरित रूप से प्राप्त होंगी।
इससे स्थानीय स्तर पर शिकायतों के निस्तारण में तेजी आएगी तथा आमजन में सुरक्षा की भावना और अधिक मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि जनपद पुलिस आमजन की सुरक्षा, शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। नवनिर्मित पुलिस चौकी क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, प्रभावी गश्त, त्वरित पुलिस प्रतिक्रिया तथा जनता-पुलिस समन्वय को और अधिक सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आमजन के साथ संवेदनशील एवं मित्रवत व्यवहार करते हुए गुणवत्तापूर्ण पुलिस सेवाएं प्रदान करने के निर्देश दिए। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने पुलिस चौकी की स्थापना को क्षेत्र की सुरक्षा, शांति व्यवस्था एवं जनसुविधा की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण एवं सराहनीय पहल बताते हुए प्रसन्नता व्यक्त की।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला, सीओ सदर जितेंद्र सिंह, 27वीं वाहिनी पीएसी सीतापुर के उप-सेनानायक(कांवड़ ड्यूटी ऑफिसर) डॉ. संजय कुमार, सदर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र गौतम, इंस्पेक्टर बाबूराम, एसएसआई नीरज कुमार, औद्योगिक क्षेत्र चौकी प्रभारी एसआई बिजेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल हरिओम, कांस्टेबल संदीप चौधरी तथा अखिलेश प्रधान, सूरज प्रधान, राकेश चौहान, विक्रम चौहान, राजकुमार चौहान, रूपेश चौहान, रवि भारद्वाज, रोहित चौहान, मेहरबान एडवोकेट, प्रमोद दहिया, फारुख मंडावर आदि मौजूद रहे।
