Road Accident: हांसी में ट्रैक्टर की चपेट में आकर 10 वर्षीय मासूम की मौत

साइकिल चला रहा था विनय, एक व्यक्ति ट्रैक्टर छोड़ फरार

Published On

हांसी (सच कहूँ/मुकेश)। Hansi News: हांसी में मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 10 वर्षीय मासूम की जान चली गई। कुंदनापुर रोड पर ट्रैक्टर की चपेट में आने से सेक्टर-5 निवासी विनय की मौके पर गंभीर चोटें आईं। उसे तत्काल हांसी के सामान्य अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की पहचान हुड्डा सेक्टर-5 निवासी करीब 10 वर्षीय विनय, पुत्र रमेश के रूप में हुई है। विनय अपने पिता के दो बेटों में सबसे छोटा था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम करीब चार बजे विनय अपनी साइकिल पर कुंदनापुर रोड की ओर खेलते हुए जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आए एक ट्रैक्टर ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह ट्रैक्टर के नीचे आ गया। हादसा इतना भीषण था कि उसे गंभीर चोटें आईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय ट्रैक्टर पर दो लोग सवार थे। दुर्घटना के बाद उनमें से एक व्यक्ति मौके से फरार हो गया, जबकि दूसरा घायल बच्चे को तुरंत हांसी के सामान्य अस्पताल लेकर पहुंचा। हालांकि चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम और अनाज मंडी पुलिस चौकी से पीएसआई अनिल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है। जांच अधिकारी पीएसआई अनिल ने बताया कि डायल-112 के माध्यम से सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। फिलहाल परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। बयान और जांच के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Hansi News
Hansi News: घटनास्थल पर पड़ी बच्चों की साइकिल।

About The Author

Related Posts