शिक्षा और रोजगार
जनता इंटर कॉलेज भोपा जूनियर विंग में हुई एनसीसी कैडेट्स की भर्ती
भोपा इंटर कॉलेज में एनसीसी भर्ती अभियान
भोपा (सच कहूँ न्यूज़)। Bhopa News: जनता इंटर कॉलेज भोपा में 82 यूपी एनसीसी बटालियन मुजफ्फरनगर के तत्वावधान में कमांडिंग ऑफिसर कर्नल प्रवीण भाल जी के दिशा-निर्देशन एवं एडम आफिसर कर्नल नवीन पराशर जी के मार्गदर्शन में जूनियर विंग में एनसीसी कैडेट्स की नई भर्ती की गई। प्रथम चरण में शारीरिक दक्षता परीक्षा एवं दूसरे चरण में लिखित परीक्षा आयोजित की गई। भर्ती प्रक्रिया में 70 पंजीकृत छात्रों जिनमें 41 ब्वायज एवं 29 गर्ल्स ने हिस्सा लिया।चयन प्रक्रिया के दौरान शारीरिक एवं लिखित परीक्षा आयोजित की गई। दोनों चरणों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 43 छात्र -छात्राओं का अंतिम रूप से चयन किया जाएगा।
बुधवार को फिजिकल परीक्षा के प्रथम चरण में शारीरिक दक्षता परीक्षा के अन्तर्गत दौड़ प्रतिस्पर्धा में हरी झंडी दिखाकर छात्रों को रवाना करते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री संजय कुमार ने कहा कि एनसीसी सैन्य विभाग का एक अभिन्न अंग है। इससे कैडेट्स में देश एवं समाज सेवा का जज्बा पैदा होता है। कैरियर निर्माण में भी एनसीसी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि विद्यालय खेल, अनुशासन और अन्य पाठ्य सहगामी क्रिया-कलापों में ग्रामीण क्षेत्र की शिक्षण संस्थाओं में नित नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। चीफ ऑफिसर रमन सिंह ने छात्रों को जानकारी देते हुए बताया कि एनसीसी केवल एक पाठ्यक्रम नहीं, अपितु युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, और देशभक्ति की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है।
केन्द्रीय एवं राज्य स्तर पर एनसीसी कैडेट्स को विभिन्न विभागों की भर्तियों में बोनस अंक अर्जित किए जा रहें है। इसके साथ ही एनसीसी कैडेट्स रक्तदान, नागरिक सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, वृक्षारोपण, रक्तदान जैसी सामाजिक गतिविधियों में हिस्सा लेकर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। छात्र जीवन में ही यदि युवाओं को सैन्य प्रशिक्षण व अनुशासित जीवन शैली का अनुभव मिल जाए तो उनके भारतीय सेना, अर्धसैनिक बलों व अन्य सुरक्षा बलों में जाने का मार्ग आसान हो सकता है। इस अवसर पर मेजर अरविंद कुमार, वरिष्ठ प्रशासनिक लिपिक विनोद कुमार, कार्यालय सहायक मेहर सिंह,हवलदार अमनदीप, हवलदार अनिल कुमार सहित सैन्य एवं एनसीसी विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
