शिक्षा और रोजगार
जिला कलक्ट्रेट में प्यासे लौटे फरियादी, खाली मिले पानी के मटके
भीषण गर्मी में पेयजल व्यवस्था पर उठे सवाल
हनुमानगढ़। भीषण गर्मी के बीच जिला कलक्ट्रेट परिसर में आने वाले फरियादियों और अन्य लोगों को पेयजल के लिए भटकना पड़ रहा है। बुधवार को कलक्ट्रेट परिसर में रखे गए टूंटीदार मटके खाली मिलने से लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस घटना ने जिला मुख्यालय की पेयजल व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। विप्र फाउंडेशन युवा प्रकोष्ठ के पूर्व जिलाध्यक्ष वेदप्रकाश तिवाड़ी ने बताया कि वे बुधवार को संगठन के प्रतिनिधिमंडल के साथ एडीएम को ज्ञापन सौंपने जिला कलक्ट्रेट पहुंचे थे। Hanumangarh News
ज्ञापन सौंपने के बाद जब उन्होंने परिसर में रखे मटकों से पानी पीना चाहा तो सभी मटके खाली मिले और उनमें पानी उपलब्ध नहीं था। वेदप्रकाश तिवाड़ी ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है कि जिस परिसर में जिले के सर्वोच्च प्रशासनिक अधिकारी जिला कलक्टर बैठते हैं, वहीं आमजन और परिवादियों के लिए पीने के पानी जैसी बुनियादी सुविधा उपलब्ध नहीं है।
उन्होंने इसे प्रशासनिक लापरवाही बताते हुए कहा कि हमारे पूर्वज राहगीरों की सुविधा के लिए जगह-जगह मटकों की प्याऊ लगवाते थे, लेकिन आज जिला मुख्यालय के सबसे बड़े सरकारी कार्यालय में ही पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं है। उन्होंने जिला कलक्टर से मांग की कि भीषण गर्मी को देखते हुए जिला कलक्ट्रेट सहित जिले के सभी सरकारी कार्यालयों में स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल की नियमित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को इस प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। Hanumangarh News