बैंक शाखा प्रबंधक पर दुर्व्यवहार व अभद्रता का आरोप, एलडीएम से शिकायत

Published On

कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: युवक ने ब्लॉक क्षेत्र के गांव कण्डेला में स्थित उत्तर-प्रदेश ग्रामीण बैंक शाखा के कार्यवाहक प्रबंधक पर दुर्व्यवहार करने तथा मोबाइल तोड़ने समेत कई गम्भीर आरोप लगाए है। पीड़ित के द्वारा लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर(एलडीएम) से मामले की शिकायत की गई है।

क्षेत्र के गांव कण्डेला निवासी ऋतिक शर्मा ने लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर शामली को एक शिकायती-पत्र दिया है। बताया कि उसने अपनी माता शशि के नाम से सोलर प्लांट लगवाने हेतु सरकार की ओर से दिए जाने वाले अनुदान एवं ऋण के लिए पत्रावली उत्तर-प्रदेश ग्रामीण बैंक शाखा कण्डेला में दाखिल की थी। विगत मंगलवार को दोपहर करीब ढाई बजे वह बैंक में पहुंचा तथा शाखा प्रबंधक से अपनी माता के नाम से दाखिल ऋण पत्रावली पर की गई कार्यवाही के बाबत पूछा। आरोप है कि इस पर शाखा प्रबंधक ने उसके साथ में अभद्र व्यवहार करते हुए ऋण स्वीकृत करने से साफ इंकार कर दिया। जब उसने ऋण स्वीकृत न करने की बात लिखित में देने को कहा तो शाखा प्रबंधक आग बबूला हो गया और बैंक से बाहर जाने को कहा।

उसने शाखा प्रबंधक के द्वारा किये जा रहे अनुचित व्यवहार की वीडियो बनाने का प्रयास किया, जिस पर प्रबंधक ने उसका मोबाइल फोन छीनकर तोड़ दिया। घटना का वीडियो बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद है। पीड़ित युवक का आरोप है कि शाखा प्रबंधक ने सुविधा शुल्क न मिलने की वजह से उसकी ऋण पत्रावली को निरस्त किया है। पत्र में आरोपी बैंक प्रबंधक के विरुद्ध सख्त कार्यवाही किये जाने की मांग की गई है। वहीं, शाखा प्रबंधक का पक्ष जानने हेतु बैंक के सीयूजी मोबाइल नंबर पर दो बार कॉल किया गया, परन्तु नेटवर्क प्रॉब्लम अथवा अन्य तकनीकी खराबी के चलते उनसे संपर्क नही हो पाया।

Kairana News (2)

About The Author