शिक्षा और रोजगार
आमरन अनशन का असर: दो घंटे में जागा बिजली विभाग, 10 दिन में कृषि कनेक्शन का लिखित आश्वासन
टिब्बी विद्युत कार्यालय के बाहर किसान का धरना
टिब्बी (सच कहूँ न्यूज़)। Tibbi News: टिब्बी कस्बे में छह माह से लंबित कृषि बिजली कनेक्शन की मांग को लेकर किसान विजय किलानिया बुधवार को विद्युत निगम कार्यालय के सामने आमरण अनशन पर बैठ गए। अनशन शुरू होने के करीब दो घंटे बाद ही बिजली विभाग हरकत में आया और अधिकारियों ने किसान से वार्ता कर दस दिन के भीतर कृषि कनेक्शन जारी करने का लिखित आश्वासन दिया। इसके बाद विजय किलानिया ने अपना आमरण अनशन समाप्त कर दिया।
जानकारी के अनुसार, टिब्बी के 11 जीजीआर रोही निवासी किसान विजय किलानिया का कृषि बिजली कनेक्शन पिछले छह माह से लंबित था। कई बार विभागीय अधिकारियों के चक्कर लगाने के बावजूद समाधान नहीं होने पर उन्होंने आमरण अनशन शुरू किया।
अनशन पर बैठते ही विद्युत निगम के सहायक अभियंता दिनेश कुमार एवं कनिष्ठ अभियंता इरफान खान मौके पर पहुंचे और विजय किलानिया से वार्ता की। वार्ता के दौरान विभाग की ओर से दस दिन के भीतर कृषि कनेक्शन जारी करने का लिखित आश्वासन दिया गया, जिसके बाद अनशन समाप्त कर दिया गया।
अनशन समाप्त होने के बाद विजय किलानिया ने कहा कि यदि विभाग ने तय समय सीमा के भीतर कृषि कनेक्शन जारी नहीं किया तो किसानों के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन और प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विभाग की होगी। इस दौरान कुलवंत सुथार, नरसी बौद्ध, अटल बिहारी, शंकरलाल नायक, डॉ. सुखराज सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे।
