शिक्षा और रोजगार
Missing: 17 वर्षीय किशोर रहस्यमय परिस्थितियों में लापता
घर से बुआ के यहां जाने की बात कहकर निकला था
हनुमानगढ़। टाउन शहर के वार्ड नंबर 42 निवासी एक 17 वर्षीय किशोर के रहस्यमय परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। किशोर घर से अपनी बुआ के यहां जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन न तो वह वहां पहुंचा और न ही वापस घर लौटा। परिजनों की शिकायत पर टाउन थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अपहरण के आरोप संबंधी धारा के तहत मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। Missing News
पुलिस में दर्ज एफआईआर के अनुसार मदन गोपाल पुत्र श्यामसुंदर कश्यप निवासी वार्ड नंबर 42, पंजाब नेशनल बैंक के पास, टाउन ने रिपोर्ट देकर बताया कि उनका 17 वर्षीय पुत्र राहुल 16 जुलाई को शाम करीब 7 बजे अपनी बुआ के घर जाने की बात कहकर घर से निकला था। परिजनों के अनुसार राहुल न तो अपनी बुआ के घर पहुंचा और न ही वापस घर लौटा। काफी देर तक इंतजार करने के बाद परिवार ने रिश्तेदारों और संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
रिपोर्ट में बताया गया है कि तलाश के दौरान राहुल की आखिरी लोकेशन हनुमानगढ़ जंक्शन रेलवे स्टेशन पर मिली, जिसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल सका। परिजनों ने पुलिस से आशंका जताई है कि राहुल के साथ कोई अनहोनी न हो जाए, इसलिए उसे जल्द से जल्द तलाश कर सुरक्षित बरामद किया जाए। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा के तहत अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक विनोद कुमार को सौंपी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, रेलवे स्टेशन क्षेत्र और अन्य संभावित स्थानों पर जांच करते हुए किशोर की तलाश में जुटी हुई है। Missing News