Fraud Alert: अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने व झूठे मुकदमे की धमकी देकर हड़पे तीन लाख रुपए

फर्नीचर कारीगर ने महिला पर तीन साल तक ब्लैकमेल कर रुपए, सामान और निर्माण सामग्री लेने का लगाया आरोप

Published On

हनुमानगढ़। पीलीबंगा थाना पुलिस ने अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर एक महिला के खिलाफ अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने और झूठे दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर लाखों रुपए हड़पने, चोरी और ब्लैकमेल करने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार वार्ड नंबर 9 ओडांवाली, 12 एसटीबी निवासी 31 वर्षीय इन्द्रपाल पुत्र हरबंश रामदासिया ने न्यायालय में परिवाद प्रस्तुत किया।

परिवाद में बताया कि वह लकड़ी के फर्नीचर का काम करता है। करीब तीन वर्ष पहले गांव का महेन्द्र कुमार उसे फर्नीचर का काम कराने के लिए आरोपी महिला राणी देवी के घर लेकर गया था। कुछ दिन बाद महिला ने फोन कर उसे काम के बहाने अपने घर बुलाया। परिवाद के अनुसार, महिला ने चाय में कथित रूप से नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया, जिससे वह बेहोश हो गया। होश आने पर उसने खुद को नग्न अवस्था में पाया।

आरोप है कि इसी दौरान महिला ने किसी अन्य व्यक्ति की मदद से उसकी नग्न तस्वीरें खिंचवा लीं। महिला ने कथित रूप से फोटो और वीडियो वायरल करने तथा झूठे दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी देकर उसे अपने अनुसार चलने के लिए मजबूर किया। उसकी जेब से 3700 रुपए भी निकाल लिए गए। बदनामी और झूठे मुकदमे के डर से वह महिला की मांगें पूरी करता रहा। महिला उससे अपने घर का राशन मंगवाती रही, अपने और बेटे के नशे तथा दवाइयों के लिए रुपए लेती रही।

महिला की पुत्री के खाते में भी ऑनलाइन राशि ट्रांसफर करवाई गई। घर के अन्य खर्चांे का भुगतान भी उसी से कराया गया। इसके अलावा उससे बाइक की फाइनेंस की 16 हजार रुपए की किश्त भरवाई गई, मोबाइल फोन दिलवाया गया और मोबाइल रिचार्ज भी करवाए गए। करीब दो माह पहले महिला ने मकान निर्माण शुरू किया और अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उससे नौ हजार ईंटें मंगवाकर उनका भुगतान करवाया। साथ ही 6411 रुपए की बजरी, सरिया सहित अन्य निर्माण सामग्री का खर्च भी उससे दिलवाया गया।

घर में किसी के बीमार होने पर दवाइयों के लिए भी उससे रुपए लिए जाते थे। रुपए देने से इनकार करने पर उसे झूठे दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी दी जाती थी। परिवाद के अनुसार करीब दस दिन पहले महिला ने उससे एक लाख रुपए की मांग की। इनकार करने पर गाली-गलौज करते हुए कथित रूप से अश्लील वीडियो वायरल करने और झूठे दुष्कर्म के मामले में जेल भिजवाने की धमकी दी गई। इसके बाद उसने महिला के फोन उठाने बंद कर दिए। 17 जून 2026 की अल सुबह करीब तीन बजे परिवादी का भाई गुरपाल सिंह जागा तो उसने महिला को घर के भीतर देखा।

आरोप है कि उसके हाथ में परिवादी का मोबाइल फोन और बटुआ था। आवाज लगाने पर महिला दीवार फांदकर भाग गई। अगले दिन जब परिवादी, उसके पिता हरबंश और भाई ने मोबाइल व बटुआ वापस मांगा तो महिला ने कथित रूप से सामान लौटाने से इनकार कर दिया और एक लाख रुपए देने की मांग की। परिवादी का आरोप है कि पिछले तीन वर्षांे में महिला ने अश्लील वीडियो वायरल करने और झूठे दुष्कर्म के मामले में फंसाने का भय दिखाकर उससे करीब तीन लाख रुपए ऐंठ लिए। इसके अलावा मोबाइल फोन और बटुआ भी अपने कब्जे में रख लिया। पुलिस ने न्यायालय से प्राप्त इस्तगासे के आधार पर बीएनएस की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है। मामले की जांच एएसआई प्रविन्द्र कुमार को सौंपी गई है।

About The Author

Related Posts