शिक्षा और रोजगार
Rajasthan Crime: खेत जाते समय बाइक सवारों पर कुल्हाड़ी और कस्सी से हमला, एक गंभीर
पुरानी रंजिश की आशंका, तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
Rajasthan Crime: हनुमानगढ़। सदर थाना क्षेत्र के मसरूवाला गांव में खेत जाते समय मोटर साइकिल सवार दो लोगों पर कथित रूप से कुल्हाड़ी और कस्सी से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में गुरमेल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसके साथ मौजूद जग्गा सिंह को भी चोटें आईं। सदर थाना पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। Hanumangarh News
पुलिस के अनुसार जसपाल सिंह (33) पुत्र राजवीर सिंह निवासी वार्ड नंबर 8, मसरूवाला ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। रिपोर्ट में बताया गया कि उनके ताऊ गुरमेल सिंह 12 जुलाई को सुबह करीब 8.30 बजे खेत में रोटावेटर लगाकर ट्रैक्टर घर छोड़ने के बाद जग्गा सिंह के साथ मोटर साइकिल पर वापस खेत जा रहे थे। इसी दौरान जब वे सुखवीर सिंह के घर के सामने से गुजर रहे थे, वहां सुखवीर सिंह के कोठे पर कुछ महिलाएं और चार-पांच लोग खड़े थे।
आरोप है कि इसी दौरान सुखवीर सिंह, रणवीर सिंह पुत्र सोहन सिंह तथा सोहन सिंह हथियारों से लैस होकर आए। रिपोर्ट के अनुसार, सुखवीर सिंह ने गुरमेल सिंह पर जान से मारने की नीयत से कस्सी से हमला किया, जिससे वह मोटर साइकिल से नीचे गिर गया। इसके बाद रणवीर सिंह ने कुल्हाड़ी से वार किया, जिससे गुरमेल सिंह के कंधे और सिर पर गंभीर चोटें आईं। वहीं जग्गा सिंह के होंठ पर भी चोट लगी। शोर-शराबा सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचने लगे तो आरोपित वहां से फरार हो गए।
सूचना मिलने पर परिवादी जसपाल सिंह मौके पर पहुंचा और घायल गुरमेल सिंह को कार से राजकीय चिकित्सालय, हनुमानगढ़ टाउन पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। सदर थाना पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर सुखवीर सिंह, रणवीर सिंह और सोहन सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच हेड कांस्टेबल राजेन्द्र मीणा को सौंपी गई है। पुलिस के अनुसार जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। Hanumangarh News