शिक्षा और रोजगार
Cricket News: यास्तिका भाटिया व क्रांति गौड़ के एतिहासिक प्रदर्शन पर रवि शास्त्री ने की जमकर तारीफ
कहा-'ऐसी उपलब्धि जिसे आप जीवन भर संजोकर रखेंगी'
INDW vs ENGW Test: नई दिल्ली। भारतीय टीम के पूर्व क्रिकेटर और हेड कोच रह चुके रवि शास्त्री ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार खिलाड़ी यास्तिका भाटिया (Yastika Bhatia) और क्रांति गौड़ (Kranti Goud) की जमकर तारीफ की है। लॉर्ड्स के मैदान पर इंग्लैंड के खिलाफ खेले जा रहे एकमात्र टेस्ट में यास्तिका और क्रांति का प्रदर्शन शानदार रहा है। यास्तिका ने रविवार को बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए शतकीय पारी खेली। वह लॉर्ड्स में शतक लगाने वाली पहली महिला क्रिकेटर बनीं। इससे पहले, भारत की ओर से गेंदबाजी में क्रांति गौड़ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहली पारी में 5 विकेट चटकाए और वह यह गौरव हासिल करने वाली दुनिया की पहली महिला गेंदबाज बनीं। इन दोनों खिलाड़ियों का नाम प्रतिष्ठित लॉर्ड्स ऑनर्स बोर्ड पर दर्ज हो गया है। Cricket News
रवि शास्त्री ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर यास्तिका और क्रांति की तारीफ करते हुए लिखा, "यास्तिका, क्रांति आपने कमाल कर दिया। 'होम ऑफ क्रिकेट' के ऑनर्स बोर्ड पर आपका स्वागत है। यह एक ऐसी उपलब्धि है जिसे आप जीवन भर संजोकर रखेंगी। यह हर उस भारतीय महिला क्रिकेटर के लिए प्रेरणा जो ऐसा करने का सपना देखती है।"
टेस्ट के दूसरे दिन, क्रांति ने शानदार गेंदबाज़ी करते हुए पांच विकेट लिए और इंग्लैंड की टीम को 170 रन पर समेट दिया, जिससे भारत को पहली पारी के आधार पर 115 रनों की अहम बढ़त हासिल हुई। इसके साथ ही वह लॉर्ड्स के प्रतिष्ठित टेस्ट ऑनर्स बोर्ड पर अपना नाम दर्ज कराने वाली खेल के इतिहास की पहली महिला खिलाड़ी बन गईं। Cricket News
वह टेस्ट मैच में पांच विकेट लेने वाली केवल तीसरी भारतीय महिला तेज गेंदबाज बनीं और इस खास सूची में झूलन गोस्वामी और गार्गी बनर्जी के साथ शामिल हुईं। 2006 में टॉनटन में इंग्लैंड के खिलाफ दोनों पारियों में पांच-पांच विकेट लेने वाली गोस्वामी के बाद, टेस्ट क्रिकेट में किसी भारतीय महिला तेज गेंदबाज द्वारा पांच विकेट लेने का यह पहला कारनामा है।
टेस्ट के तीसरे दिन यास्तिका भाटिया ने बेहतरीन बल्लेबाजी की। यास्तिका ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 158 गेंदों में 113 रनों की लाजवाब पारी खेली। यास्तिका ने अपनी इस पारी में 14 चौके लगाए। वह लॉर्ड्स में शतक लगाने वाली पहली महिला खिलाड़ी बनीं। बाएं हाथ की इस बल्लेबाज ने 145 गेंदों में शतक पूरा किया। शतक पूरा करने के बाद भावुक यास्तिका ने घुटनों के बल बैठकर लॉर्ड्स की पिच को चूमा, जबकि दर्शकों ने खड़े होकर उनका अभिवादन किया। Cricket News