Boxing News: दिल्ली में भिवानी के मुक्केबाजों ने रच दिया इतिहास

पहली प्रो-बॉक्सिंग लीग में गांव पालुवास के तीन चाचा-भतीजों ने झटके 2 गोल्ड व एक सिल्वर

Published On

Boxing News: भिवानी (सच कहूँ/इन्द्रवेश)। दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में 6 से 10 जुलाई तक आईपीएल की तर्ज पर आईएबीएफ द्वारा आयोजित करवाई पहली प्रोफेशनल मुक्केबाजी लीग में भिवानी जिले के गांव पालुवास के मुक्केबाजों ने इतिहास रच दिया है। इस प्रतियोगिता में गांव पालुवास के तीन मुक्केबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2 गोल्ड और एक सिल्वर मेडल अपने नाम कर पूरे देश में गांव और प्रदेश का नाम रोशन किया है। इस ऐतिहासिक कामयाबी के बाद रविवार को जब तीनों पदक विजेता खिलाड़ी गांव पालुवास पहुंचे, तो पूरा गांव उत्सव का माहौल था। ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों की थाप, फूलों और नोटों की मालाओं के साथ मुक्केबाजों का जोरदार नागरिक अभिनंदन किया। Bhiwani News

इस प्रतियोगिता का सबसे दिलचस्प और रोमांचक मुकाबला 72 किलो 500 ग्राम भार वर्ग में देखने को मिला, जहां फाइनल मैच में गांव पालुवास के दो सगे भाई अंकित व आदित्य आमने-सामने थे। इस मुकाबले में अपनी तकनीक का लोहा मनवाते हुए बड़े भाई अंकित ने गोल्ड मेडल पर कब्जा किया तो वही छोटे भाई आदित्य राज ने शानदार फाइट लड़ते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया।

इन दोनों सगे भाइयों के चाचा युवराज ने भी इसी प्रतियोगिता के 61 किलो 500 ग्राम भार वर्ग में देश के दिग्गजों को धूल चटाते हुए गोल्ड मेडल हासिल किया। यानी एक ही परिवार के तीन सदस्यों ने देश की सबसे बड़ी प्रो-बॉक्सिंग लीग में तीन पदक जीतकर एक नया रिकॉर्ड कायम कर दिया है। इस प्रतियोगिता में देशभर की चार टीमों के 32 शीर्ष महिला व पुरुष मुक्केबाजों ने हिस्सा लिया था, जिसमें पालुवास के इन बेटों ने अपनी धाक जमाई।

सम्मान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे भिवानी के उप पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने कहा कि एक ही परिवार से तीन-तीन अंतरराष्ट्रीय स्तर के मुक्केबाज निकलना और देश के मंच पर पदक जीतना कोई साधारण बात नहीं है। सरपंच रणबीर सिंह ने कहा कि आज हमारे गांव पालुवास के लिए ऐतिहासिक और अत्यंत भावुक दिन है। हमारे बेटों ने दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में जो कर दिखाया है, उसकी गूंज पूरे देश में है।

सफलता पर अंकित व आदित्य के पिता राजकुमार व माता अनिता तथा युवराज के पिता सतीश व माता सुशीला की खुशी का ठिकाना नहीं था। माता-पिता ने भावुक होते हुए कहा कि बच्चों की सालों की कड़ी मेहनत आज रंग लाई है। इस अवसर पर अभिजीत लाल सिंह, अनिल खरकिया, हंसराज सिंह, राजकुमार, सतबीर, रामभगत सिंह, अनिल कुमार, कृष्ण सिंह, राकेश कुमार, बृजपाल सिंह, रमेश कुमार सहित अनेक ग्रामीण व खेल प्रेमी मौजूद रहे। Bhiwani News

About The Author

Related Posts