पूठरी हत्याकांड का खुलासा, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार
आरोपी की निशानदेही पर दरांती और मृतक का मोबाइल बरामद
गाजियाबाद (सच कहूँ/रविंद्र सिंह )। निवाड़ी थाना पुलिस ने पूठरी गांव में युवक तरुण उर्फ नमित की हत्या का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी निरांचल उर्फ मंत्री को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त दरांती और मृतक का मोबाइल फोन भी बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
एसीपी मोदीनगर(कार्यवाहक ) अजय कुमार सिंह ने मीडिया को बताया कि मृतक के पिता निर्दोष कुमार की तहरीर पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम गठित की गई थी। सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी निरांचल उर्फ मंत्री निवासी पूठरी को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पूजा-पाठ में अधिक समय देता था, जिसके चलते मृतक तरुण और उसके साथी उसे "बाबा" कहकर चिढ़ाते और परेशान करते थे। घटना वाले दिन रास्ते में तरुण के मिलने पर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद गुस्से में उसने दरांती से हमला कर उसकी हत्या कर दी। बाद में शव को घसीटकर ईख के खेत में ले गया और प्लास्टिक की बोरी से ढककर छिपा दिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध इस हत्या के अलावा मारपीट का एक अन्य मुकदमा भी दर्ज है। उसके आपराधिक इतिहास की विस्तृत जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में सभी आवश्यक कानूनी कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है।