Rajasthan Crime: पति ने लोहे की हत्थी से सिर पर वार कर किया गंभीर घायल

घायल महिला कई दिन बाद अस्पताल में होश में आई, पति और सास के खिलाफ मामला दर्ज

Published On

Rajasthan Crime: हनुमानगढ़। गोलूवाला थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के बीच एक महिला पर हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर गोलूवाला थाना पुलिस ने उसके पति और सास के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार सोनू (35) पत्नी भीमसैन मेघवाल निवासी चक थिराजवाला तहसील पीलीबंगा अपने पिता सतपाल पुत्र बनवारीलाल मेघवाल निवासी वार्ड नंबर 7, रावलामंडी जिला श्रीगंगानगर के साथ गोलूवाला थाने पहुंची और रिपोर्ट दर्ज कराई। Hanumangarh News

शिकायत में सोनू ने बताया कि वह अपने पति भीमसैन और दो बच्चों के साथ सास-ससुर से अलग रहती है। उसका आरोप है कि पति नशे का आदी है और सास सावित्री देवी के उकसावे पर आए दिन उसके साथ मारपीट और झगड़ा करता रहता है। इस संबंध में पहले भी कई बार पंचायतें हो चुकी हैं। पीड़िता ने आरोप लगाया कि शादी में उसके पिता की ओर से दिए गए सोने की बालियां, टॉप्स और चांदी की पाजेब उसके पति ने बेच दिए, जबकि अन्य सामान को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। उसने यह भी आरोप लगाया कि उसकी सास पहले उसके साथ अभद्र व्यवहार कर चुकी है और लगातार पति को उसके खिलाफ भड़काती रहती है।

रिपोर्ट के अनुसार 27 जून की शाम करीब 7.30 बजे वह घर का काम कर रही थी। इसी दौरान उसका पति शराब के नशे में घर आया और बिना किसी बात के उसका गला पकड़कर नीचे गिरा दिया तथा गला दबाने लगा। किसी तरह वह बच निकली, लेकिन आरोप है कि इसके बाद भीमसैन नलके की लोहे की हत्थी लेकर आया और उसके सिर पर वार कर दिया। हमले में गंभीर चोट लगने से वह बेहोश हो गई। पीड़िता का कहना है कि जब उसे होश आया तो वह टांटिया अस्पताल, श्रीगंगानगर में भर्ती थी।

अस्पताल में उसके ससुर भागीरथ ने बताया कि घटना के समय उसकी बेटी अमनी ने उन्हें सूचना दी थी कि उसके पिता उसकी मां को लोहे की हत्थी से पीट रहे हैं। सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद भीमसैन के चंगुल से उसे छुड़ाया। गंभीर चोटों के कारण उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत पति भीमसैन और सास सावित्री देवी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक राजेन्द्र कुमार को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण की विस्तृत जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। Hanumangarh News

About The Author

Related Posts