मीरापुर में अवैध अस्पतालों, क्लीनिकों और लैबों पर स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 6 संस्थान सील, 4 को नोटिस
मीरापुर में अवैध अस्पतालों, क्लीनिकों और लैबों पर स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 6 संस्थान सील, 4 को नोटिस
मीरापुर।(सच कहूं/कोमल कुमार) मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया के निर्देशन में जनपद मुजफ्फरनगर में अवैध रूप से संचालित अस्पतालों, क्लीनिकों एवं पैथोलॉजी लैबों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। इसी क्रम में उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. महक सिंह के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मीरापुर क्षेत्र में विभिन्न निजी स्वास्थ्य संस्थानों का सघन निरीक्षण किया। अभियान के दौरान कई संस्थान निर्धारित मानकों, वैध पंजीकरण एवं आवश्यक अभिलेखों के बिना संचालित पाए गए, जिस पर विभाग ने तत्काल कार्रवाई की। निरीक्षण के दौरान अपूर्वा फिजियोथैरेपी सेंटर, हुमैरा मेडिकल क्लिनिक, भारत पैथोलॉजी लैब, ह्यूमन केयर लैब, रोजी क्लिनिक फिजियोथैरेपी सेंटर तथा एक बिना नाम से संचालित अवैध लैब को नियमानुसार तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।
इसके अलावा अनियमितताएं मिलने पर चार अन्य अस्पतालों एवं क्लीनिकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए। संबंधित संचालकों को निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना स्पष्टीकरण एवं आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने कहा कि जनपद में बिना वैध पंजीकरण और आवश्यक मानकों के संचालित अस्पतालों, क्लीनिकों एवं पैथोलॉजी लैबों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य जनपदवासियों को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण एवं मानक अनुरूप स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसके लिए समय-समय पर निरीक्षण एवं प्रवर्तन की कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि उपचार के लिए केवल पंजीकृत एवं मान्यता प्राप्त स्वास्थ्य संस्थानों का ही चयन करें। यदि कहीं कोई अस्पताल, क्लीनिक या पैथोलॉजी लैब अवैध रूप से संचालित होती दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल स्वास्थ्य विभाग को दें, ताकि उसके विरुद्ध प्रभावी एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।