शिक्षा और रोजगार
Haryana News:198 खिलाड़ियों को 20.59 करोड़ रुपये नकद पुरस्कार राशि
हरियाणा में खेल संस्कृति को मजबूत बनाने की दिशा में सरकार प्रतिबद्ध: मुख्यमंत्री नायब सिंह
चंडीगढ़ (सच कहूँ न्यूज)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हमारा लक्ष्य केवल पदक जीतना नहीं है, बल्कि ऐसी सशक्त खेल संस्कृति का निर्माण करना है जहां प्रतिभा को अवसर मिले, परिश्रम को सम्मान मिले और प्रत्येक युवा को अपने सपनों को साकार करने का विश्वास प्राप्त हो। उन्होंने कहा कि सरकार केवल पुरस्कार प्रदान नहीं कर रही, बल्कि विकसित भारत के लिए खेल शक्ति की मजबूत नींव तैयार कर रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मंगलवार को पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस, पंचकूला के ऑडिटोरियम सेक्टर-1 में राज्य के उत्कृष्ट खिलाड़ियों के सम्मान में आयोजित नकद पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम भी उपस्थित थे। Haryana News
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने राज्य के अंर्तराष्ट्रीय व राष्ट्रीय स्तर की प्रमुख खेल प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले व प्रतिभागिता करने वाले 198 खिलाड़ियों को 20.59 करोड़ रुपये की नकद ईनाम राशि देकर सम्मानित किया। इसमें विश्वस्तरीय प्रतियोगिताओं के 117 खिलाड़ियों को 13.75 करोड़ रुपये, पैरा एशियन खेल 2022 के 3 खिलाड़ियों को 2.32 करोड़ रुपये और राष्ट्रीय स्तर के 78 खिलाड़ियों को 4.52 करोड़ रुपये की ईनाम राशि शामिल है। उन्होंने कहा कि पिछले लगभग 12 वर्षों में प्रदेश के 16 हजार 984 खिलाड़ियों को 709 करोड़ रुपये की नकद पुरस्कार राशि दी गई है। इस अवसर पर विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, मेयर शाम लाल बंसल, जिला अध्यक्ष अजय मितल, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बंतो कटारिया, खेल विभाग के निदेशक पार्थ गुप्ता सहित खिलाड़ी और कोच मौजूद थे।
अगर इरादे बुलंद हों तो इतिहास बदला जा सकता: सीएम

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे देश की मिट्टी ने ऐसे खिलाड़ी पैदा किए हैं, जिन्होंने पूरी दुनिया को सिखाया कि हालात चाहे कितने भी कठिन हों, अगर इरादे बुलंद हों तो इतिहास बदला जा सकता है। उन्होंने मिल्खा सिंह जिन्हें फलाईंग सिख के नाम से भी जाना जाता है, मुरलीकांत पेटकर और मैरी कॉम का उदाहरण देते हुए कहा कि इन तीनों की जीवन-यात्रा हमें एक ही बात सिखाती है कि चुनौतियाँ हर किसी के जीवन में आती हैं, लेकिन विजेता वही बनता है जो चुनौतियों के सामने झुकता नहीं, उनसे लड़ता है। इन्होंने विपरीत परिस्थितियों को अपनी मंजिल का अंत नहीं बनने दिया, बल्कि उसी को अपनी सबसे बड़ी ताकत, अपनी सबसे बड़ी प्रेरणा और अपनी सबसे बड़ी जीत का आधार बना लिया।
मिशन-2026 को लेकर किये जा रहे खेल स्टेडियमों के बुनियादी ढांचे सुदृढ़: गौतम
इस अवसर पर संबोधित करते हुए खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा खेलों के हब के रूप में उभरा है। खिलाड़ियों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं, ताकि वे कड़ी मेहनत कर विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए देश और प्रदेश का नाम रोशन कर सकें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में मिशन-2036 शुरू किया गया है, जिसके तहत हरियाणा ने 36 पदक जीतने का लक्ष्य निर्धारित किया है। लगभग 300 करोड़ रुपये की लागत से खेल स्टेडियमों के बुनियादी ढांचे (इन्फ्रास्ट्रक्चर) को सुदृढ़ किया जा रहा है।
10 करोड़ की लागत से बना उत्तर भारत का पहला ए स्टार प्रशिक्षण केंद्र: सीएम मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा उत्कृष्ट खिलाड़ी भर्ती नियमों के तहत 260 खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। हाल ही में खेल ग्रेडेशन नीति में संशोधन किया है जिससे अब हरियाणा स्टेट गेम्स के खिलाड़ियों को भी खेल ग्रेडेशन का लाभ मिलेगा। इसके तहत खेलरत्न, द्रोणाचार्य, अर्जुन, ध्यानचंद और तेनजिंग नोर्गे विजेताओं को प्रतिमाह 20 हजार रुपये, और भीम अवॉर्ड विजेताओं को प्रतिमाह 5 हजार रुपये का मानदेय मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने 2 हजार खेल नर्सरियां खोली हैं, 8 से 19 वर्ष के खिलाड़ियों को 1500 से 2 हजार रुपये मासिक छात्रवृत्ति दी है, और 25 आवासीय खेल अकादमियों में 500 रुपये प्रतिदिन डाइट मनी दी जा रही है। खेल बुनियादी ढांचे पर 12 वर्षों में 1,100 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं, और खेल विभाग का बजट 2013-14 के 163 करोड़ रुपये से बढ़कर आज 668 करोड़ 42 लाख रुपये हो गया है। उन्होंने कहा कि पंचकूला के ताऊ देवीलाल खेल परिसर में 10 करोड़ रुपये की लागत से उत्तर भारत का पहला ए-स्टार वैज्ञानिक प्रशिक्षण एवं पुनर्वास केंद्र भी स्थापित किया गया है।