शिक्षा और रोजगार
Property Dispute: मकान पर कब्जा, मारपीट और लाखों की धोखाधड़ी के आरोप
वृद्ध पिता की शिकायत पर बेटे-बहू समेत चार जनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
Property Dispute: हनुमानगढ़। पारिवारिक संपत्ति विवाद ने आपराधिक मुकदमे का रूप ले लिया है। अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर टाउन थाना पुलिस ने एक 67 वर्षीय सेवानिवृत्त वनपाल की शिकायत पर उसके बेटे, बहू सहित चार जनों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, शमिन्द्र पाल सिंह (67) पुत्र गुलशेर सिंह निवासी वार्ड संख्या 24, टाउन हाल दशमेश नगर ने न्यायालय में इस्तगासा प्रस्तुत किया था। न्यायालय ने एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया। Hanumangarh News
शिकायत में शमिन्द्र पाल सिंह ने अपने पुत्र मनिन्द्र सिंह, पुत्रवधू मनदीप कौर, भाई परमजीत सिंह तथा भाभी हरजिन्द्र कौर को नामजद किया है। परिवादी ने बताया कि वह वनपाल पद से 31 अक्टूबर 2018 को सेवानिवृत्त हुए थे। उनकी पत्नी का वर्ष 2014 में कैंसर से निधन हो गया था, जबकि उनकी पुत्री कनाडा में रहती है। वृद्धावस्था और गंभीर बीमारियों के कारण उनका जीवन कठिन परिस्थितियों में गुजर रहा है। शिकायत के अनुसार, वार्ड नंबर 24 स्थित मकान उनके नाम पर है, जिस पर ऋण भी चल रहा है।
आरोप है कि बेटे और बहू ने इस मकान पर कब्जा कर रखा है तथा अन्य दो आरोपित भी उनका सहयोग कर रहे हैं। कई बार मकान खाली करने के लिए कहने के बावजूद आरोपितों ने कब्जा नहीं छोड़ा। परिवादी का यह भी दावा है कि मकान खाली करवाने संबंधी आदेश उच्च न्यायालय से भी पारित हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद कब्जा बरकरार है। जब भी वह अपने मकान पर जाते हैं तो उनके साथ मारपीट, अभद्र व्यवहार और धमकी दी जाती है। इससे उन्हें शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा है। Hanumangarh News
मकान में रखा उनका एलईडी टीवी, एयर कंडीशनर (एसी), वॉशिंग मशीन तथा अन्य घरेलू सामान आरोपित बेच चुके हैं तथा शेष सामान भी बेचने का प्रयास किया जा रहा है। उनके बेटे ने केवल हस्ताक्षर किए हुए दो खाली चेक अपने पास रख लिए हैं, जिनका दुरुपयोग किए जाने की आशंका है। इसके अलावा छलपूर्वक करीब पांच लाख रुपए भी प्राप्त कर लेने का आरोप लगाया गया है।
परिवादी के अनुसार, आरोपितों ने मकान में रोशनदान और चिमनी निकालकर भवन का स्वरूप बदल दिया, नक्शे को क्षति पहुंचाई तथा उनके नाम से लगे बिजली कनेक्शन को हटाकर अपने नाम से नया कनेक्शन ले लिया। साथ ही संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, झूठे मुकदमे दर्ज कराने और लगातार धमकियां देने के भी आरोप लगाए गए हैं। टाउन थाना पुलिस ने न्यायालय से प्राप्त इस्तगासे के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। प्रकरण की जांच सहायक उप निरीक्षक नरेश बिश्नोई को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले में लगाए गए सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच की जाएगी तथा जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। Hanumangarh News