Rajasthan Weather Alert: मौसम विभाग ने राजस्थान वासियों को किया अलर्ट, कई जिलों में की ऑरेंज चेतावनी जारी

हो सकती है भारी बारिश, बिगड़ सकते हैं सड़कों के हालात

Published On

जयपुर (सच कहूँ न्यूज़)। राजस्थान में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दक्षिण-पूर्वी मध्य प्रदेश के ऊपर बना सुदृढ़ निम्न दबाव क्षेत्र (वेल-मार्क्ड लो प्रेशर एरिया) अब उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और उससे सटे उत्तर प्रदेश क्षेत्र के ऊपर स्थित है। इसके प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में आगामी दो से तीन दिनों तक वर्षा गतिविधियां तेज रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने 8 और 9 जुलाई के लिए विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। इस दौरान उदयपुर, कोटा और भरतपुर संभाग के कुछ क्षेत्रों में भारी से अति भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है। वहीं जयपुर, अजमेर, जोधपुर और बीकानेर संभाग के विभिन्न क्षेत्रों में मध्यम से तेज वर्षा दर्ज हो सकती है। Rajasthan Weather Alert

9 जुलाई को विशेष रूप से कोटा और भरतपुर संभाग में कई स्थानों पर भारी से अति भारी वर्षा होने की संभावना है। इसके अलावा प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मध्यम से तेज बारिश का दौर जारी रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार 10 जुलाई को भारी वर्षा की गतिविधियां मुख्य रूप से भरतपुर संभाग और आसपास के जिलों तक सीमित रह सकती हैं, जबकि शेष प्रदेश में वर्षा की तीव्रता में कमी आने की संभावना है।

विभाग का अनुमान है कि 11 जुलाई से अगले एक सप्ताह तक राजस्थान के अधिकांश क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ जाएंगी। इस दौरान केवल उत्तरी और पूर्वी जिलों में कहीं-कहीं हल्की वर्षा हो सकती है, जबकि प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम सामान्यतः शुष्क बना रहेगा। मौसम विशेषज्ञों ने नागरिकों से भारी वर्षा वाले क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। Rajasthan Weather Alert

About The Author

Related Posts