शिक्षा और रोजगार
एफबीआई ने 'ऑपरेशन हार्डबॉल' के तहत लॉरेंस बिश्नोई के नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई की
एफबीआई ने 'ऑपरेशन हार्डबॉल' के तहत लॉरेंस बिश्नोई के नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई की
नयी दिल्ली। अमेरिकी संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) ने कनाडा और स्पेन के साथ मिलकर 'ऑपरेशन हार्डबॉल' के तहत गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से जुड़े कथित अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क को निशाना बनाते हुए 50 से ज़्यादा जगहों पर एक साथ छापेमार कार्रवाई की है। अधिकारियों ने बताया कि 24 लोगों को गिरफ्तार किया गया और अमेरिकी अदालत में 37 लोगों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया गया। इस कथित नेटवर्क पर हत्या, ड्रग तस्करी और जबरन वसूली जैसे आरोप हैं।
अमेरिकी न्याय विभाग के अनुसार आरोप पत्र में यह भी कहा गया है कि यह नेटवर्क कनाडा में प्रमुख कनाडाई सिख अलगाववादी हरदीप सिंह निज्जर की 2023 में हुई हत्या से जुड़ी साजिश में शामिल था। इस बीच एजेंसी ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के एक और सदस्य सतबीर सिंह की गिरफ्तारी में मदद करने वाली जानकारी के लिए 50,000 डॉलर तक के इनाम की घोषणा की है। वह लॉरेंस बिश्नोई के संगठित अपराध समूह के साथ कथित तौर पर जुड़े होने के कारण वांछित है।
एफबीआई ने पोस्ट किया, "एफबीआई ने लॉरेंस बिश्नोई के संगठित अपराध समूह के साथ जुड़े सतबीर सिंह की गिरफ्तारी में मदद करने वाली जानकारी के लिए 50,000 डॉलर तक के इनाम की घोषणा की है।"एफबीआई के अनुसार, यह समूह दक्षिणी कैलिफोर्निया के साथ-साथ अमेरिका और कनाडा के अन्य हिस्सों में कई हिंसक आपराधिक गतिविधियों में कथित तौर पर शामिल है।
एजेंसी ने कहा, "जिस किसी के पास भी सिंह की गिरफ्तारी में मदद करने वाली जानकारी हो, उससे एजेंसी से संपर्क करने का आग्रह किया गया है।"