शिक्षा और रोजगार
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 17 जुलाई को जालंधर स्टेशन पुनर्विकास परियोजना का करेंगे उद्घाटन
125 करोड़ से बदला जालंधर कैंट स्टेशन का चेहरा, पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन
फिरोजपुर (सच कहूँ/जगदीप सिंह)। Firozpur News: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 17 जुलाई 2026 को जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन पुनर्विकास परियोजना का उद्घाटन करेंगे। रेलवे मंत्रालय और खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय के राज्य मंत्री ने बुधवार को फिरोजपुर मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पुनर्विकसित जालंधर कैंट (जेआरसी) रेलवे स्टेशन का दौरा किया और प्रधानमंत्री मोदी के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों का जायजा लिया। केन्द्रीय राज्य मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा रेल, सूचना एवं प्रसारण और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव का धन्यवाद करते हुए कहा कि पंजाब के लोगों को यह ऐतिहासिक सौगात देने और क्षेत्र के एक महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन को विश्व स्तरीय यात्री सुविधा केन्द्र में बदलने के लिए वे उनके आभारी हैं।
लगभग 110 वर्ष पुराने जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास करीब 125 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। इस परियोजना में स्टेशन की ऐतिहासिक वास्तुकला को सुरक्षित रखते हुए पंजाब की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाने वाले तत्वों को भी शामिल किया गया है।पुनर्विकसित स्टेशन में आधुनिक सुविधाओं के तहत विशाल डबल-हाइट एयर कॉनकोर्स, मजबूत स्टील प्लेटफॉर्म रूफिंग, फिसलन-रोधी फर्श, ऊर्जा दक्ष एलईडी लाइटिंग, शहर के दोनों ओर से सुविधाजनक प्रवेश तथा 6 मीटर और 9 मीटर चौड़ाई वाले दो नए फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) विकसित किए गए हैं।
अन्य प्रमुख सुविधाओं में 40 मीटर चौड़ी ट्रफ रूफ, जो 200 मीटर लंबे प्लेटफॉर्म (8,720 वर्ग मीटर) को कवर करती है, 36 मीटर चौड़ा 1,770 वर्ग मीटर का एयर कॉनकोर्स, 300 वर्ग मीटर क्षेत्रफल वाली नई दूसरी प्रवेश इमारत और 4,855 वर्ग मीटर का पार्किंग क्षेत्र शामिल हैं। निरीक्षण के दौरान राज्य मंत्री ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से लैस यह स्टेशन यात्रियों की सुविधा में महत्वपूर्ण वृद्धि करेगा और पंजाब की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान को भी प्रभावी ढंग से प्रदर्शित करेगा।