मोरिंडा में असंतुष्ट कांग्रेसी नेताओं की मीटिंग, कहा ‘हम अमरेन्द्र सिंह राजा वड़िंग की ‘अध्यक्षता’ नहीं मानेंगे’
‘हम अमरेन्द्र सिंह राजा वड़िंग की ‘अध्यक्षता’ नहीं मानेंगे’
चंडीगढ़ (सच कहूँ न्यूज)। Chandigarh News: पंजाब कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को अहम जिम्मेदारियां सौंपे जाने के दो दिन बाद पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के समर्थक बड़ी संख्या में उनके मोरिंडा स्थित आवास पर एकत्र हुए। इस दौरान कई पूर्व विधायकों ने माँग की कि चन्नी को पंजाब कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष बनाया जाए। यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब कांग्रेस के केन्द्रीय नेतृत्व ने अमरिन्द्र सिंह राजा वड़िंग को पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष के पद पर बरकरार रखने का फैसला किया है।
2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों के मद्देनजर पार्टी की विभिन्न समितियों की घोषणा के साथ ही वड़िंग को दोबारा प्रदेश अध्यक्ष बनाए रखने का ऐलान किया गया। चन्नी के आवास पर समर्थकों के जुटने से पहले वहाँ पहुंचे कांग्रेस के कुछ पूर्व विधायकों ने मीडिया से कहा कि यदि कांग्रेस अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव में पंजाब में सत्ता में वापसी करना चाहती है, तो पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनाया जाना चाहिए। कांग्रेस विधायक तृप्त राजेन्द्र सिंह बाजवा ने कहा कि हमें पार्टी हाईकमान से कोई शिकायत नहीं है, लेकिन कुछ आपत्तियाँ जरूर हैं।
हम चाहते हैं कि हमारी बात सुनी जाए और हमारी चिंताओं का समाधान किया जाए। कांग्रेस नेता दर्शन सिंह बराड़ ने कहा कि यदि राजा वड़िंग ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बने रहते हैं, तो पार्टी पंजाब में सरकार नहीं बना पाएगी। इस बीच, पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि यह कांग्रेस का आंतरिक मामला है और भारतीय जनता पार्टी का इससे कोई लेना-देना नहीं है। भाजपा पूरी तरह एकजुट है और उसे जनता का समर्थन प्राप्त है।
ये पूर्व सांसद और विधायक पहुँचे
पूर्व मंत्री भारत भूषण आशु, गुरप्रीत सिंह कांगड़, गुरकीरत सिंह कोटली, ओपी सोनी, मोहम्मद सादिक, मदन लाल जलालपुर, जोगिन्द्र पाल, दविन्द्र घुबाया, हरमिन्द्र सिंह गिल, नाजर सिंह मानशाहिया और बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता मोरिंडा में चरणजीत सिंह चन्नी के घर पहँुचे हैं।
