सीएम फ्लाइंग की जांच में खुलासा, रोडवेज वर्कशॉप में काटे 86 पेड़
छापेमारी में 141 पौधे भी उखड़े मिले, लकड़ी का रिकॉर्ड भी नहीं मिला
हिसार (सच कहूँ/मुकेश)। Hisar News: पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के प्रतिबंध के बावजूद हरियाणा रोडवेज की हिसार वर्कशॉप में बड़े पैमाने पर पेड़ों की अवैध कटाई का मामला सामने आया है। मुख्यमंत्री उड़न दस्ता (सीएम फ्लाइंग) की छापेमारी में 86 पेड़ों के कटे हुए ठूंठ और 141 उखड़े हुए पौधे पाए गए। प्रारंभिक जांच में काटी गई लकड़ी का कोई रिकॉर्ड नहीं मिलने से सरकारी संपत्ति के दुरुपयोग और राजस्व हानि की आशंका जताई गई है।
सीएम फ्लाइंग हिसार रेंज की प्रभारी सुनैना ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने रोडवेज वर्कशॉप में जांच की। निरीक्षण के दौरान 86 पेड़ों की कटाई और 141 नए पौधों को उखाड़े जाने की पुष्टि हुई। जांच में यह भी पाया गया कि काटे गए पेड़ों की लकड़ी का कोई आधिकारिक रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं था और न ही उसकी कीमत सरकारी खाते में जमा कराई गई थी। जांच के दौरान रोडवेज महाप्रबंधक ने बताया कि पेड़ों की कटाई के लिए वन विभाग और चंडीगढ़ स्थित मुख्यालय से अनुमति मांगी गई थी, लेकिन स्वीकृति नहीं मिली। इसके बावजूद निर्माण कार्य कर रही ठेका एजेंसी द्वारा पेड़ों की कटाई कर दी गई।
हाईकोर्ट के आदेश की अनदेखी
सीएम फ्लाइंग प्रभारी ने बताया कि पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के आदेश के अनुसार बिना सक्षम अनुमति के पेड़ों की कटाई पूरी तरह प्रतिबंधित है। मामले की विस्तृत जांच रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेजी जा रही है। कार्रवाई के दौरान वन विभाग, सीएम फ्लाइंग और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौजूद रही।
About The Author