सौतेले पिता ने 3 साल के मासूम की गला रेतकर की हत्या
मासूम की निर्मम हत्या का राज़ खुला, पुलिस ने सौतेले पिता को दबोचा
फरीदाबाद (सच कहूँ/सागर दहिया)। Faridabad News: शिव दुर्गा विहार, लक्कड़पुर में गत 21 जून को 3 साल के मासूम की गला रेतकर हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। हत्या का आरोपी कोई और नहीं, बल्कि बच्चे का सौतेला पिता सुशांत ही निकला। अपराध शाखा सेक्टर-16 की टीम ने उसे 23 जून को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार 21 जून को शिव दुर्गा विहार, लक्कड़पुर स्थित एक मकान में 3 वर्षीय बच्चे का शव गला कटा हुआ मिला था।
मामले में थाना सूरजकुंड में हत्या की धारा के तहत केस दर्ज किया गया था। सहायक पुलिस आयुक्त अपराध-2 वरुण कुमार दहिया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि जांच के बाद अपराध शाखा सेक्टर-16 की टीम ने उप निरीक्षक महेंद्र सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए आरोपी सुशांत, 23 वर्ष, निवासी एसजीएम नगर को दबोचा। पूछताछ में सामने आया कि सुशांत करीब 1 से 1.5 साल पहले रैपीडो बाइक चलाता था। बच्चे की मां सुधा ने उसकी रैपीडो बुक की थी, यहीं से दोनों की जान-पहचान हुई।
नंबर शेयर करने के बाद बातचीत शुरू हुई और करीब 1 साल पहले दोनों ने लव मैरिज कर ली। सुधा के पहले पति से 3 साल का बेटा था। पुलिस के मुताबिक आरोपी सुशांत बच्चे को पसंद नहीं करता था। सुधा अक्सर बच्चे से मिलने अपनी मां के घर आती-जाती थी, इसी बात को लेकर पति-पत्नी में आए दिन झगड़ा होता था।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
घटना से एक दिन पहले आरोपी अपनी ससुराल शिव दुर्गा विहार आया था। उसकी पत्नी सुधा पहले ही मायके आई हुई थी। 21 जून की सुबह घर में मौका पाकर सुशांत ने चाकू से बच्चे का गला रेत दिया और फरार हो गया। एसीपी वरुण दहिया ने बताया कि आरोपी को 24 जून को माननीय न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान उससे हत्या की वजह और वारदात में इस्तेमाल चाकू के बारे में पूछताछ की जाएगी।
