भिवानी में पांच लाख ठगने वाला पांचवां आरोपी  गिरफ्तार

भिवानी में ठेकेदार से 5 लाख की ठगी, अंतरजिला गिरोह का पांचवां आरोपी गिरफ्तार

Published On

भिवानी (सच कहूँ/इंद्रवेश)। Bhiwani News: जिला पुलिस भिवानी के अंतर्गत थाना शहर पुलिस को जालसाजी में फंसाकर एक ठेकेदार से 5 लाख की मोटी रकम ऐंठने वाले अंतरजिला गिरोह के पांचवें मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस चौकी जैन चौक के उप निरीक्षक धर्मबीर की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को महेंद्रगढ़ चौक दादरी से दबोचा। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सत्यवान दादरी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया है।

पुलिस प्रवक्ता से मिली जानकारी के अनुसार हिसार निवासी देवेंद्र ने थाना शहर भिवानी में वारदात की शिकायत दर्ज कराई थी। देवेंद्र पेशे से ठेकेदारी का काम करता है। ठेकेदार देवेंद्र के व्हाट्सएप पर 16 अक्टूबर 2025 को एक अज्ञात नंबर से मैसेज आया, जिसने अपनी पहचान प्रिया के रूप में बताई। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातें बढने लगीं। ठेकेदार को किसी काम से चरखी दादरी जाना था, लेकिन प्रिया ने उसे भिवानी मिलने के लिए बुला लिया। उन्होंने वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने और बलात्कार के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर 10 लाख की रंगदारी मांगी। काफी मिन्नतें करने के बाद सौदा 5 लाख में तय हुआ। डर के मारे पीड़ित ठेकेदार ने तुरंत 99 हजार गूगल-पे के माध्यम से ट्रांसफर किए और 2-2 लाख के दो चेक भी आरोपियों के हवाले कर दिए। इतनी बड़ी रकम ऐंठने के बाद भी आरोपियों की भूख शांत नहीं हुई और उन्होंने 24 अक्टूबर 2025 को दोबारा फोन कर और पैसों की मांग की, जिसके बाद पीड़ित ने पुलिस की शरण ली।

भिवानी पुलिस इस मामले में बेहद सक्रियता से काम कर रही है। पांचवें आरोपी सत्यवान से पहले पुलिस इस गिरोह की दो मुख्य महिला किरदारों समेत चार आरोपियों को पहले ही सलाखों के पीछे भेज चुकी है, जिनकी पहचान गांव मिताथल हाल विद्या नगर निवासी प्रिया, हनुमान गेट निवासी सीमा, दादरी के जैवली गांव निवासी संदीप, राहुल के रूप में हुई।

Bhiwani News
Bhiwani News: पुलिस गिरफ्त में जालसाजी का आरोपी।

About The Author

Related Posts