बीफ प्रकरण: दूल्हे के पिता समेत तीन और आरोपी गिरफ्तार

पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से गोकशी की घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार बरामद, अभी तक कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेज चुकी है पुलिस

Published On

कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: वलीमे की दावत में गोमांस बनाए जाने के प्रकरण में पुलिस ने दूल्हे के पिता समेत तीन आरोपियों को और गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने गोकशी की घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार भी बरामद होने का दावा किया है। बीफ प्रकरण में अभी तक पुलिस दूल्हे, उसके मामा व बैंक्वेट हॉल स्वामी समेत कुल सात लोगो को गिरफ्तार करके जेल भेज चुकी है। 

विगत 18 जून की शाम कोतवाली पुलिस ने कस्बे के मोहल्ला रेतेवाला में स्थित मुगल गार्डन मैरिज होम में वलीमे की दावत में गोमांस पकाए जाने की सूचना पर छापामार कार्यवाही की थी। जहां पर पुलिस ने गोमांस से बने व्यंजन बरामद किए थे। पुलिस ने मौके पर मौजूद दूल्हे फरमान व उसके मामा सलमान निवासी मोहल्ला छड़ियान कस्बा कैराना को गिरफ्तार कर लिया था। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने इस्सापुर खुरगान के जंगल से गोवंश अवशेष, पशु वध के उपकरण, दस किग्रा गोमांस बरामद किया था। गोमांस को इस्सापुर खुरगान के जंगल से मैरिज होम तक ले जाने में इस्तेमाल की गई दहेज में मिली नई स्कॉर्पियो कार को भी पुलिस ने सीज कर दिया था।

मामले में दभेड़ी खुर्द चौकी प्रभारी एसआई गौरव चौहान की ओर से पांच नामजद व कई अज्ञात लोगों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कराया गया था, जिसमें मुगल गार्डन मैरिज होम के संचालक व स्वामी अनीस अहमद को भी आरोपी बनाया गया है। इसी क्रम में पुलिस ने बुधवार को फुरकान पुत्र निवासी मोहल्ला छड़ियान कस्बा कैराना, अशफाक निवासी मोहल्ला शाह मुबारिक कस्बा झिंझाना व जुल्फकार निवासी मोहल्ला नीला रोजा कस्बा झिंझाना को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से गोकशी की घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार भी बरामद हुई है, जिसे पुलिस ने सीज कर दिया है। पकड़ा गया आरोपी फुरकान मुजफ्फरनगर जेल में बंद दूल्हे का पिता बताया गया है।

पुलिस इससे पूर्व, दूल्हे फरमान, उसके मामा सलमान व मुगल गार्डन मैरिज होम स्वामी अनीस अहमद व खाना बनाने वाले बावर्ची को गिरफ्तार करके जेल भेज चुकी हैं। वहीं, एक दिन पूर्व मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण(एमडीए) की टीम मुगल गार्डन मैरिज होम को अनाधिकृत निर्माण बताकर सीज कर चुकी है। उधर, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक समयपाल अत्री ने बताया कि वलीमे में प्रतिबंधित पशु मांस बनाए जाने के मामले में तीन आरोपियों को और गिरफ्तार किया गया है, जिसमें जेल जा चुके दूल्हे का पिता भी शामिल है। शेष आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Kairana News

About The Author

Related Posts