डॉ. अर्चना गुप्ता के नेतृत्व में और मजबूत होगा भाजपा संगठन: हरिओम अग्रवाल
अर्चना गुप्ता से मिले हरिओम अग्रवाल
पिहोवा (सच कहूँ न्यूज़)। Pehowa News: भाजपा नेता एवं भारत सरकार के भारतीय दूरसंचार विभाग के सदस्य हरिओम अग्रवाल ने भाजपा हरियाणा की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता जी से शिष्टाचार भेंट करने के बाद कहा कि भाजपा आज देश और प्रदेश की जनता के विश्वास का प्रतीक बन चुकी है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार पारदर्शिता, सुशासन और विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है, जिसका लाभ प्रदेश के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच रहा है। हरिओम अग्रवाल ने कहा कि डॉ. अर्चना गुप्ता एक अनुभवी, कर्मठ और जनभावनाओं को समझने वाली नेतृत्वकर्ता हैं। उनके नेतृत्व में प्रदेश संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा भाजपा कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि डॉ. अर्चना गुप्ता के नेतृत्व में भाजपा आगामी समय में संगठन विस्तार, जनसंपर्क और जनसेवा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करेगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा की विचारधारा राष्ट्रहित, विकास और अंत्योदय के सिद्धांतों पर आधारित है। पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हरियाणा में भाजपा सरकार ने बिना भेदभाव के विकास कार्य कर जनता का विश्वास जीता है और यही विश्वास आने वाले समय में पार्टी को और अधिक मजबूत करेगा। डॉ. अर्चना गुप्ता ने भी संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने, कार्यकर्ताओं के सम्मान और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए सामूहिक प्रयासों पर बल दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि सेवा, सुशासन और विकास के माध्यम से समाज के हर वर्ग के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। भेंट के दौरान संगठन की मजबूती, आगामी कार्यक्रमों तथा प्रदेश में भाजपा की जनाधार वृद्धि को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।
