शिक्षा और रोजगार
साइबर थाना सरसा पुलिस की बड़ी कामयाबी, बैंक खाते से 98 हजार की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी गिरफ्तार
मोबाइल फोन हैक कर खाली करते थे बैंक खाते
सरसा (सच कहूँ न्यूज)। साइबर थाना सरसा पुलिस ने मोबाइल फोन हैक कर बैंक खाते से 98 हजार रुपए की धोखाधड़ी करने के मामले में दो युवको पंजाब के अबोहर क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियो को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने बताया कि जिला के गांव बणी निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना सरसा में शिकायत दर्ज करवाई थी। Sirsa News
शिकायतकर्ता के अनुसार बीती 28 मई 2026 को उसके मोबाइल फोन पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल रिसीव करते ही उसके मोबाइल की स्क्रीन अचानक काली हो गई और लगभग 10 से 15 मिनट तक फोन ने काम करना बंद कर दिया। बाद में फोन चालू होने पर उसे किसी गड़बड़ी की आशंका हुई। पीड़ित ने तुरंत मोबाइल फोन को रीसेट किया तथा अपनी सिम दूसरे मोबाइल में लगाकर गूगल पे के माध्यम से बैंक खाते की ट्रांजेक्शन हिस्ट्री की जांच की।
जांच के दौरान पता चला कि उसके बैंक ऑफ बड़ौदा खाते से बिना अनुमति के 50 हजार रुपए और 48 हजार रुपए की दो अलग-अलग ट्रांजेक्शन कर कुल 98 हजार रुपए अज्ञात खातों में ट्रांसफर कर दिए गए थे। शिकायत मिलने के बाद साइबर थाना सरसा में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्जकर जांच शुरू की गई।
पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, बैंकिंग रिकॉर्ड तथा गुप्त सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों पुरुषोत्तम निवासी चकराईयां वाला तहसील अबोहर पंजाब व गिरीश कुमार मुक्तसर साहिब पंजाब को अबोहर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। एसपी दीपक सहारण ने आमजन से अपील की कि किसी भी अज्ञात कॉल, व्हाट्सएप कॉल या संदेश पर बिना पुष्टि किए भरोसा न करें। किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें तथा साइबर धोखाधड़ी की सूचना तुरंत पुलिस या साइबर हेल्पलाइन पर दें। Sirsa News