बहन की शादी के लिए खरीदारी करने जा रहे युवक से लूट, पुलिस ने खेतों में दौड़कर दबोचे आरोपी

थाना प्रभारी व पुलिसकर्मियों ने पकड़े लुटेरे, लूटी गई नकदी बरामद

Published On

ओढ़ां (सच कहूँ/राजू)। Odhan News: गांव बड़ागुढ़ा में बहन की शादी की खरीदारी के लिए जा रहे एक युवक से बाइक सवार दो युवकों ने डंडे से हमला कर नकदी लूट ली। सूचना मिलते ही बड़ागुढ़ा पुलिस हरकत में आई और आरोपियों का पीछा करते हुए खेतों में पैदल दौड़कर दोनों लुटेरों को काबू कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई राशि भी बरामद कर ली है। जानकारी के अनुसार बड़ागुढ़ा निवासी ओमप्रकाश की बहन की शादी आगामी एक जुलाई को होनी है। शादी की तैयारियों के तहत वह अपनी मां सीमा देवी के साथ कालांवाली मंडी में खरीदारी करने जा रहा था।

जब दोनों बड़ागुढ़ा बिजली घर के समीप पहुंचे तो पीछे से मोटरसाइकिल पर आए दो युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने ओमप्रकाश पर डंडे से हमला कर उसकी जेब से नकदी छीनने का प्रयास किया। इस दौरान जेब में रखे 20 हजार रुपये नीचे गिरकर बिखर गए। शोर-शराबा होने पर आरोपी कुछ नकदी उठाकर मौके से फरार हो गए। बाद में ओमप्रकाश ने बिखरी हुई राशि एकत्रित कर गिनी तो उसमें 9,250 रुपये कम पाए गए। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए और पुलिस को जानकारी दी गई।

खेतों में भागे आरोपी, पुलिस ने पैदल पीछा कर दबोचा

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी लाभ सिंह के नेतृत्व में बड़ागुढ़ा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि दोनों आरोपी गांव भंगू की ओर भागे हैं। पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही आरोपी मोटरसाइकिल छोड़कर खेतों के रास्ते पैदल फरार होने लगे। इसके बाद थाना प्रभारी लाभ सिंह, उपनिरीक्षक मदनलाल तथा अन्य पुलिसकर्मियों ने भी खेतों में पैदल ही आरोपियों का पीछा शुरू कर दिया। काफी देर तक चली दौड़-भाग के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को दबोच लिया।

थाना प्रभारी लाभ सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बंसीलाल और गुरमीत उर्फ खालसा निवासी गांव भंगू के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई नकदी बरामद कर ली है। उन्होंने बताया कि आरोपी बंसीलाल के खिलाफ बड़ागुढ़ा थाना में चोरी और स्नेचिंग के दो मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।  

Odhan News
Odhan News:- पुलिस गिरफ्त में लूट के आरोप में गिरफ्तार दोनों आरोपी।

About The Author

Related Posts