35 दिन बाद चैनत आंदोलन की जीत, सरकार ने मानी ग्रामीणों की मांग
हांसी पेयजल लाइन से गांव को मिलेगा टी-प्वाइंट, जल्द खत्म होगा धरना
हांसी (सच कहूँ/मुकेश)। Hansi News: भाखड़ा के पानी को लेकर गांव चैनत में पिछले 35 दिनों से चल रहा धरना अब समाप्ति की ओर है। सरकार ने ग्रामीणों की मुख्य मांग स्वीकार करते हुए हांसी के लिए बिछाई जा रही पेयजल पाइपलाइन से गांव को टी-प्वाइंट देने पर सहमति जता दी है। सरकार और प्रशासन की ओर से सरपंच एसोसिएशन के पूर्व प्रधान सोमेश कुमार ने धरना स्थल पर पहुंचकर निर्णय की घोषणा की।
मांग पूरी होने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने खुशी जताते हुए तालियां और थालियां बजाकर जश्न मनाया तथा सोमेश कुमार को कंधों पर उठा लिया। संघर्ष समिति के सदस्यों ने कहा कि अनशन तुडवा दिया गया है पर धरना अभी जारी रहेगा। देर शाम ठेकेदार द्वारा पेयजल कनेक्शन का काम शुरू कर दिया गया, जिसके बाद समिति ने जल्द धरना समाप्त करने के संकेत दिए हैं।
80 करोड़ की लागत से बिछाई जा रही है पाइपलाइन
गौरतलब है कि बरवाला के राजली भाखड़ा हेड से हांसी तक करीब 80 करोड़ रुपये की लागत से पेयजल पाइपलाइन बिछाई जा रही है। करीब 30 किलोमीटर लंबी यह पाइपलाइन चैनत गांव से होकर गुजरती है। ग्रामीण लंबे समय से मांग कर रहे थे कि उनके गांव को भी इसी लाइन से पेयजल कनेक्शन दिया जाए।
आंदोलन के दौरान 9 जून से टेकराम दूहन, बलवान दूहन, राजकुमार खगनवाल, जय नारायण और दिलबाग दूहन आमरण अनशन पर बैठे हुए थे। उनकी बिगड़ती सेहत को देखते हुए प्रशासन पर समाधान निकालने का दबाव बढ़ता जा रहा था। अब मांग स्वीकार होने के बाद गांव में खुशी का माहौल है।