योग हमारी प्राचीन संस्कृति की अमूल्य विरासत, इसे अपनाना समय की आवश्यकता - मोनिका

नई अनाज मंडी में उपमंडल स्तरीय योग कार्यक्रम आयोजित

Published On

खरखौदा (सच कहूँ न्यूज़)। Kharkhoda News: 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर नई अनाज मंडी  में उप मंडल  स्तरीय योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सामूहिक योगाभ्यास किया। कार्यक्रम में जिला परिषद चेयरपर्सन मोनिका दहिया ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उनके साथ एसडीएम अमित कुमार भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में जिला परिषद की चेयरपर्सन मोनिका दहिया ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत की अमूल्य धरोहर है, जो शरीर और मन दोनों को स्वस्थ रखने का प्रभावी माध्यम है।

उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है, मानसिक एकाग्रता बढ़ती है तथा जीवनशैली में सुधार आता है। उन्होंने सभी नागरिकों से प्रतिदिन योग करने और इसे अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया। एसडीएम अमित कुमार ने कहा कि योग शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने की मजबूत नींव है। योग व्यक्ति को तनाव, अवसाद और अनेक बीमारियों से बचाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि योग हमें अशांति से शांति की ओर, रोग से आरोग्य की ओर तथा नकारात्मकता से सकारात्मकता की ओर ले जाता है।

प्रशिक्षित योगाचार्यों के मार्गदर्शन में उपस्थित लोगों ने सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, भुजंगासन, वज्रासन, पद्मासन एवं शवासन सहित विभिन्न योगासन किए। इसके अलावा अनुलोम-विलोम, कपालभाति एवं भ्रामरी प्राणायाम का भी अभ्यास कराया गया।इस अवसर पर सहायक पुलिस आयुक्त जोगिंदर शर्मा, ब्लॉक समिति  चेयरमैन सतेंद्र दहिया, राजबीर दहिया, गुलशन ठेकेदार , आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. सतीश, एसएमओ डॉ. जितेंद्र,  आजाद भौरिया, नगर पालिका चेयरमैन हीरालाल इंदौरा, सहायक अधीक्षक राजेश आदि उपस्थित रहे।

Kharkhoda News

About The Author

Related Posts